गया, बिहार : भारत के आर्थिक सुधारों के शिल्पकार और देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की 93वीं जयंती गया के अनुग्रह नारायण रोड स्थित दुबे आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सिंह के चित्र पर माल्यार्पण से हुई, जिसके पश्चात उनके प्रेरणादायक व्यक्तित्व एवं दूरदर्शी कृतित्व पर वक्ताओं ने विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मो. खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, प्रद्युम्न दुबे, राजीव कुमार सिंह उर्फ लबी सिंह, शिव कुमार चौरसिया, राहुल चंद्रवंशी, रूपेश चौधरी, पप्पू दुःखहरनी आदि गणमान्य नेताओं ने भाग लिया।
नेताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ऐसे दूरदर्शी अर्थशास्त्री और राजनेता रहे हैं, जिनकी नीतियों ने भारत को वैश्विक आर्थिक मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया। प्रधानमंत्री, रिज़र्व बैंक के गवर्नर और विश्वविद्यालय सेवा आयोग के अध्यक्ष जैसे उच्च पदों पर रहकर उन्होंने देश की सेवा की है।
उनका जीवन एक आदर्श शिक्षाविद् और प्रशासक का उदाहरण है – जिन्होंने देश-विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अध्यापन कर अगली पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की है कि डॉ. मनमोहन सिंह को उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। वे इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान के सच्चे अधिकारी हैं।
रिपोर्ट: विश्वनाथ आनंद