औरंगाबाद में मेडिकल स्टोर संचालक जुनैद अहमद की गोली मारकर हत्या, SIT गठित

Share this News

औरंगाबाद : बिहार के औरंगाबाद जिला मुख्यालय में शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे नावाडीह मोड़ के पास एक बड़ी वारदात हुई। नावाडीह निवासी मोहम्मद जुनैद अहमद को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उन्हें सदर अस्पताल, औरंगाबाद पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत नाज़ुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रोहतास जिले के जमुहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, औरंगाबाद में कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारी और जवान लगातार मौके पर कैंप कर रहे हैं और इलाके में विधि व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।

मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 90/26, दिनांक 31 जनवरी 2026 को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वादी जुबैद अहमद ने आरोप लगाया है कि नामजद सात लोगों ने साज़िश के तहत अज्ञात शूटरों से जुनैद अहमद की हत्या करवाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। टीम को घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर एक आरोपी मोहम्मद नौशाद खान को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी अभियुक्तों को पकड़ लिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि वादी और आरोपियों के बीच पहले से आपसी रंजिश को लेकर अदालत में मुकदमा चल रहा था। मृतक जुनैद अहमद औरंगाबाद शहर में गैलेक्सी मेडिकल स्टोर चलाते थे।

रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *