औरंगाबाद में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह 2026, दोनों जगह जमकर बजा डी.जे.

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) : औरंगाबाद में इस बार होली मिलन समारोह पूरे जोश और तेज डी.जे. साउंड के साथ मनाया गया। रविवार, 1 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय में दो अलग-अलग जगहों पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम हुए, जहां नेताओं से लेकर कलाकारों तक की मौजूदगी रही।

सबसे पहले बात करें गेट स्कूल के खेल मैदान की, जहां सदर विधानसभा क्षेत्र संख्या 223 से पहली बार एनडीए समर्थित भाजपा विधायक बने त्रिविक्रम नारायण सिंह ने भव्य सार्वजनिक होली मिलन समारोह 2026 का आयोजन किया। कार्यक्रम में उनके पिता गोपाल नारायण सिंह भी पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।

गोपाल नारायण सिंह 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में नवीनगर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, हालांकि उस समय वे चुनाव हार गए थे। बाद में पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा। वे पहले बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं और रोहतास जिले के जमुहार में उनका एक चर्चित बड़ा अस्पताल भी संचालित है।

इस कार्यक्रम में रफीगंज से जदयू विधायक प्रमोद कुमार सिंह, भाजपा के विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, सदर के पूर्व राजद विधायक और वर्तमान भाजपा नेता सुरेश मेहता, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष चंद्र भूषण कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह, और पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह के भाई सुनील कुमार सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की रौनक बढ़ाने के लिए भोजपुरी इंडस्ट्री के मशहूर कलाकार भी पहुंचे। गायक अरविंद कुमार अकेला (कल्लू), विजय चौहान, गायिका शिल्पी राज और अनुपमा यादव ने मंच से होली गीत गाकर माहौल रंगीन कर दिया। मैदान में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। तेज आवाज में बज रहे डी.जे. साउंड ने माहौल को और भी जोशीला बना दिया।

हालांकि बिहार सरकार की ओर से आम लोगों के लिए डी.जे. को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि नियम के खिलाफ बजाने पर कार्रवाई हो सकती है। लेकिन यहां तो होली मिलन समारोह के नाम पर कई माननीय खुद मौजूद थे, ऐसे में फुल साउंड में डी.जे. बजता रहा।

दूसरी ओर, टिकरी रोड स्थित जलसा पैलेस एंड रिसॉर्ट में भी शाम के समय होली मिलन समारोह 2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रेड क्रॉस सोसाइटी औरंगाबाद के अध्यक्ष और भाजपा जिला महामंत्री सतीश कुमार सिंह तथा नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता ने मिलकर आयोजित किया।

इस कार्यक्रम में वार्ड संख्या 04 के पार्षद और लोजपा (रामविलास) के एससी-एसटी प्रकोष्ठ जिला महासचिव राजू पासवान, जदयू नेता मुमताज अहमद उर्फ जुगनू सहित कई अन्य लोग शामिल हुए। यहां भी भोजपुरी गायक निरंजन कुमार और गायिका सलोनी ने शानदार प्रस्तुति दी और दर्शकों का दिल जीत लिया।

हालांकि जलसा पैलेस एंड रिसॉर्ट में कुछ कुर्सियां खाली भी नजर आईं, लेकिन इसके बावजूद डी.जे. की आवाज यहां भी कम नहीं थी। कुल मिलाकर औरंगाबाद में इस बार होली मिलन समारोह राजनीति, संगीत और तेज साउंड के संग खूब चर्चा में रहा।

Report : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *