औरंगाबाद, बिहार – 2 अक्टूबर 2025 (गुरुवार) को औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनसे एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
कुटुंबा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम फेकू बिगहा स्थित एक फूस की झोपड़ी में तीन लोग किसी गंभीर आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापामारी की कार्रवाई शुरू की।
छापामारी के दौरान चार लोग पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए भोला उर्फ अभिषेक कुमार को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर झोपड़ी से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने अभिषेक की जानकारी के आधार पर दूसरी छापेमारी करते हुए ग्राम गोड़ियारपुर स्थित एक सरकारी स्कूल की छत से सचिन कुमार को भी गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से मिले हथियारों को भी कानूनी रूप से जब्त किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। अभिषेक कुमार ने बताया कि वे चारों दोस्त मिलकर दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हर्ष फायरिंग करने की योजना बना रहे थे, इसी उद्देश्य से उन्होंने हथियार अपने पास रखा था।
इस घटना के संबंध में कुटुंबा थाना कांड संख्या – 136/25, दिनांक – 03 अक्टूबर 2025 के तहत धारा 25(1-बी)ए / 26 / 35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.