औरंगाबाद में LPG गैस किल्लत पर प्रशासन का बड़ा बयान, जानिए क्या है सच्चाई

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर जो किल्लत की बातें सामने आ रही थीं, उस पर गुरुवार 2 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन ने एक अहम प्रेस कांफ्रेंस की। यह प्रेस कांफ्रेंस समाहरणालय के सभागार में आयोजित की गई, जहाँ जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा की गैरमौजूदगी में जिला आपूर्ति पदाधिकारी और वरीय उपसमाहर्ता सह जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती स्वेता प्रियदर्शी ने मीडिया से बातचीत की।

प्रेस कांफ्रेंस में अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि जिले में फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि अभी जिले में कुल 11,150 गैस सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है, जबकि रोज़ाना करीब 6,478 सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। हालांकि कुछ बुकिंग पेंडिंग हैं, जिनमें 2 से 3 दिनों का बैकलॉग चल रहा है, लेकिन उसे जल्द ही कम करने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि कुछ गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें लगने की शिकायत मिली थी, जिसे देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर आप आज गैस बुक करते हैं, तो उसी दिन एजेंसी पर जाकर लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं है। गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है, इसलिए बेवजह भीड़ न लगाएं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग पहले से लंबित है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद लोगों को आपसी समझदारी से प्राथमिकता देने की भी अपील की गई है।

गैस सप्लाई से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर 24×7 कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जो तीन शिफ्ट में काम कर रहा है। यहां आने वाली शिकायतों का लगातार निपटारा किया जा रहा है। पहले ओटीपी से जुड़ी दिक्कतें ज्यादा आती थीं, लेकिन अब नेटवर्क की स्थिति बेहतर होने से यह समस्या काफी हद तक कम हो गई है।

अगर किसी उपभोक्ता को मैसेज मिल जाता है कि गैस सिलेंडर डिलीवर हो गया है, लेकिन वास्तव में डिलीवरी नहीं हुई है, तो प्रशासन संबंधित एजेंसी से संपर्क कर तुरंत समाधान कराने की बात भी कही गई।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान संवाददाताओं ने नवीनगर की तान्या गैस एजेंसी में मनमानी और हंगामे के मामले पर सवाल उठाया। इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि दो दिन पहले सूचना मिलने पर तुरंत अधिकारी को वहां भेजा गया था और अब वहां स्थिति सामान्य है, भीड़ नहीं लग रही है।

इसके अलावा होम डिलीवरी और ट्रांसपोर्टिंग चार्ज को लेकर भी सवाल किया गया, जिस पर अधिकारियों ने कहा कि होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

नवीनगर प्रखंड के तिवारीडीह गांव के एक मामले में यह भी सवाल उठा कि एक व्यक्ति उपभोक्ताओं के गैस पासबुक अपने पास रखता है। इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि इस मामले की भी जांच कराई जाएगी।

गौरतलब है कि गैस किल्लत को लेकर जिला प्रशासन की यह दूसरी प्रेस कांफ्रेंस है। इससे पहले 17 मार्च 2026 को भी जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में इसी मुद्दे पर बैठक और प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई थी।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *