कांग्रेस नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा बयान
औरंगाबाद / बिहार: एक आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुलकर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वर्तमान नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य और खगड़िया विधानसभा क्षेत्र संख्या 149 के पूर्व विधायक सह उप सचेतक रहे छत्रपति यादव मौजूद थे। उनके साथ कांग्रेस नेता धीरेन्द्र सिंह, पंचायती राज जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, सल्लू खां, मनोज कुमार, बारुण प्रखंड अध्यक्ष देवंती देवी, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव नागेंद्र पासवान विकल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
“अध्यक्ष का चयन गलत हुआ” — नेताओं की नाराज़गी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि इस बार बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष का चयन आला कमान से गलत हुआ है। नेताओं का कहना था कि ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की राय को नजरअंदाज़ किया गया है, जिसका असर संगठन पर साफ दिखाई दे रहा है। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी को मजबूत करना है तो धरातल पर काम करने वाले वर्करों की बात सुननी ही पड़ेगी।
राहुल गांधी और खड़गे से अपील
नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि अब राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को इस मसले पर गंभीरता से सोचना पड़ेगा। उनका कहना था कि कार्यकर्ताओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता और अंततः हाईकमान को वर्करों के सुझावों पर चलना ही पड़ेगा। कुछ नेताओं ने मौजूदा अध्यक्ष को “नासमझ नेतृत्व” बताते हुए बदलाव की मांग भी दोहराई।
संगठन में बढ़ती बेचैनी
इस बयान के बाद साफ संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश कांग्रेस के अंदर असंतोष बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर समय रहते संगठनात्मक सुधार नहीं हुआ, तो इसका राजनीतिक असर आने वाले चुनावों में दिखाई दे सकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस ने पार्टी के अंदर चल रही खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है।
Report : Ajay Kumar Pandey.
