गया (बिहार) : संविधान दिवस के अवसर पर गया के चौक स्थित राजेंद्र टावर के सामने कांग्रेस पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना को सामूहिक रूप से पढ़ा और संविधान के प्रति गर्व और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि एवं प्रवक्ता प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, इंटक जिला महासचिव टिंकू गिरी, जिला कांग्रेस सचिव शिव कुमार चौरसिया, प्रद्युम्न दुबे, राहुल चंद्रवंशी, रूपेश चौधरी, अशोक राम, विनोद उपाध्याय और बैजू प्रसाद सहित अन्य नेताओं ने कहा कि भारतीय संविधान हमारा गर्व और स्वाभिमान है। यह दुनिया का सबसे लंबा लिखित संविधान है, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल आदर्शों पर आधारित है। साथ ही यह संघीय ढांचे, मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं और विविधता में एकता को सहेजने वाला महान दस्तावेज है।
नेताओं ने आगे कहा कि हमारा संविधान देश के 140 करोड़ नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, शोषण से मुक्ति, धर्म की स्वतंत्रता, सांस्कृतिक अधिकार और संवैधानिक उपचार जैसे मूल अधिकार प्रदान करता है, जो लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं।
अंत में कांग्रेस नेताओं ने संविधान सभा के अध्यक्ष देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अम्बेडकर और प्रांतीय संविधान समिति के अध्यक्ष सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया।
रिपोर्ट: विश्वनाथ आनंद.
