दौलतपुर में पहली बार लगा मुफ्त मेडिकल कैंप

Share this News

सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया निःशुल्क इलाज का फायदा

टिकारी प्रखंड के रूपसपुर पंचायत अंतर्गत दौलतपुर गांव में पहली बार एक बड़ा निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिससे पूरे इलाके में खुशी का माहौल देखा गया। माँ निर्दोष सेवा केंद्र के सचिव हिमांशु शेखर और मुखिया प्रतिनिधि अरविंद सिंह के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इलाज कराया।

शिविर का आयोजन अरविंद सिंह के आवास पर किया गया, जहां सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी। गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे — सभी ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ उद्घाटन

कैंप का उद्घाटन आयोजक हिमांशु शेखर, मुखिया प्रतिनिधि अरविंद सिंह और डॉक्टरों की टीम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर डॉ. संजीव कुमार, डॉ. अपराजिता कुमारी, डॉ. विनीत आनंद, डॉ. पल्लव चौबे और डॉ. अमित नारायण रघु मौजूद रहे। बीपीएन ग्लोबल स्कूल के निदेशक नामित राजा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुखिया प्रतिनिधि अरविंद सिंह ने सभी चिकित्सकों और अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन संजय अथर्व ने किया।

400 मरीजों की जांच, कई टेस्ट मुफ्त

मेडिकल कैंप में करीब चार सौ मरीजों की जांच और इलाज किया गया। शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर, यूरिक एसिड और ईसीजी जैसी जरूरी जांच सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई गईं। अनुमंडल अस्पताल टिकारी की ओर से स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात रही और दवाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई।

ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत पर जोर

शिविर को संबोधित करते हुए आयोजक हिमांशु शेखर ने कहा कि भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की अभी भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुफ्त चिकित्सा शिविर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत होते हैं, इसलिए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में विवेकानंद मिशन स्कूल के निदेशक मुकेश सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृज मोहन शर्मा, प्रखंड शिक्षक संघ के नेता अरविंद कुमार, पंचायत समिति सदस्य कविन्द्र सिंह और मुन्ना सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Report: विश्वनाथ आनंद

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *