औरंगाबाद (बिहार): रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 से नवनिर्वाचित जदयू विधायक और समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह के जिला मुख्यालय स्थित आवास पर रविवार, 1 फरवरी 2026 को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जदयू महिला सेल की जिलाध्यक्ष मंजरी सिंह ने रफीगंज प्रखंड के लिए महिला सेल की नई अध्यक्ष के रूप में संगीता देवी की नियुक्ति की।
कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के साथ विधायक प्रमोद कुमार सिंह भी मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक प्रमोद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का हर दिशा में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी हर वर्ग और हर धर्म को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।

विधायक ने कहा कि समाजवाद की असली पहचान नीतीश कुमार हैं, जिन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में परिवारवाद को कभी बढ़ावा नहीं दिया। उनके नेतृत्व में ही पार्टी के लोग काम कर रहे हैं और सबसे बड़ी प्राथमिकता समाज के आखिरी पायदान पर खड़े लोगों को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और वे उसी सोच के साथ लगातार काम कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि उनके जनता दरबार में हर जाति और हर धर्म के लोग आते हैं, जिनका वे बराबर सम्मान करते हैं। “मैं सबका विधायक हूं,” उन्होंने जोर देकर कहा।
कार्यक्रम के दौरान उमेश पासवान, बिपिन सिंह, मंटू शर्मा समेत कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
