औरंगाबाद (बिहार) : भारत निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन औरंगाबाद द्वारा विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियाँ बड़े जोर-शोर से की जा रही हैं। निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन, औरंगाबाद की ओर से बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए विभिन्न तैयारियाँ तीव्र गति से चल रही हैं। उप विकास आयुक्त, औरंगाबाद श्रीमती अनन्या सिंह के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण, आधारभूत संरचना का अवलोकन, मतदाता सूची एवं मतदाताओं की समस्याओं के समाधान से संबंधित कार्य निरंतर चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में, उप विकास आयुक्त, औरंगाबाद द्वारा 224-रफीगंज विधानसभा के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत नक्सल प्रभावित दक्षिण उमगा पंचायत के कनौदी और बादाम ग्राम स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान, मतदान केंद्रों के बी.एल.ओ. से अद्यतन स्थिति और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के बाद, प्रखंड सभागार, मदनपुर में उप विकास आयुक्त महोदया की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की जानकारी निदेशक, लेखा श्री अनुपम कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी सेक्टर पदाधिकारियों और बी.एल.ओ. के साथ निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत मार्गदर्शिका और उपबंधों के शत-प्रतिशत अनुपालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
मनरेगा निदेशक श्री ओम राजपूत ने बताया कि उप विकास आयुक्त महोदया ने रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के सभी पंचायतों, कस्बों और प्रखंड मुख्यालय स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम और स्वीप गतिविधियाँ आयोजित करने का निर्देश दिया है। इस बैठक में निदेशक डी.आर.डी.ए. श्री अनुपम कुमार, निदेशक एन.ई.पी. श्री ओम राजपूत, प्रखंड विकास पदाधिकारी मदनपुर, सभी सेक्टर पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्ट: विश्वनाथ आनंद