मुजफ्फरपुर में पान दुकानदार की चाकू मारकर हत्या

Share this News

पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के बाद वारदात, आरोपी फरार

मुजफ्फरपुर, बिहार, 4 Feb. 2026 : मुजफ्फरपुर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पान दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामला नगर थाना क्षेत्र के माखन साह चौक का है। मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो गरीब स्थान मंदिर रोड पर पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का गुज़ारा करता था।

परिवार के अनुसार, घटना से पहले घर में तनाव का माहौल था। मनोज की मां मुननी देवी ने बताया कि सुबह किसी ने मनोज के मोबाइल पर कुछ फोटो और वीडियो भेजे, जो उसकी पत्नी निशु देवी और एक स्थानीय दुकानदार पिंटु के कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े बताए जा रहे थे। यह देखकर मनोज बेहद गुस्से में आ गया और पति-पत्नी के बीच जोरदार बहस हुई। घर के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन अंदर ही अंदर तनाव बना रहा।

रात में किसी ने फोन कर मनोज को बाहर बुलाया। मां और भाई भी पीछे-पीछे निकले, लेकिन मनोज तेज़ी से आगे निकल गया। कुछ देर बाद गोला रोड पर लोगों ने उसे खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। तुरंत पुलिस को खबर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में मनोज को मोटरसाइकिल से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मनोज के शरीर पर कई गहरे ज़ख्म थे और गर्दन पर भी चाकू से हमला किया गया था। सूचना मिलते ही डीएसपी-1 सुरेश कुमार और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद को हत्या की वजह मान रही है।

मृतक की मां ने भी बहू निशु देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निशु का व्यवहार ठीक नहीं था और पास के दुकानदार पिंटु के साथ उसका संबंध चल रहा था, जिस वजह से घर में अक्सर झगड़ा होता था। मनोज अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गया है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। आरोपी पक्ष परिवार समेत घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।

रिपोर्ट: ग़ज़नफर इकबाल.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *