रफीगंज की आवाज़ विधानसभा तक पहुँची – पहली बार विधायक बने प्रमोद कुमार सिंह ने उठाए बड़े मुद्दे

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) : रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 से पहली बार जदयू के सिंबल पर जीतकर आए एन.डी.ए. समर्थित विधायक और समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह ने बिहार विधानसभा सत्र 2026 में अपने इलाके की समस्याओं को ज़ोरदार तरीके से उठाया।

जब उन्हें सदन में बोलने का मौका मिला, तो उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि अब वक्त आ गया है कि रफीगंज और मदनपुर के लोगों की आवाज़ सुनी जाए।

शिक्षा का बड़ा मुद्दा – दोनों प्रखंडों में नहीं है एक भी डिग्री कॉलेज

विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने सदन में बताया कि मदनपुर प्रखंड और रफीगंज प्रखंड—दोनों जगहों पर उच्च शिक्षा के लिए एक भी डिग्री कॉलेज नहीं है।

उन्होंने कहा कि यहां के छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए काफी दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए दोनों प्रखंडों में जल्द से जल्द डिग्री कॉलेज खोले जाने की मांग की गई।

नये थाना भवन बने, लेकिन पुलिस नहीं

मदनपुर प्रखंड के आजन और देवजरा में नये थाना भवन का उद्घाटन हो चुका है, लेकिन वहां अभी तक थानाध्यक्ष और पुलिस बल की नियुक्ति नहीं हुई है।

विधायक ने कहा कि ये इलाका पहले नक्सल प्रभावित रहा है, ऐसे में थाने का कागज़ पर होना और जमीन पर काम न करना चिंता की बात है। उन्होंने मांग की कि तुरंत पुलिस पदाधिकारियों की पोस्टिंग कर इन थानों को चालू कराया जाए।

धावा नदी किनारे 2 एकड़ ज़मीन पर बने आधुनिक पार्क

नगर पंचायत रफीगंज में धावा नदी के किनारे खाता संख्या 212, प्लॉट संख्या 967 और 968 की कुल 2 एकड़ ज़मीन है।

विधायक ने मांग रखी कि इस ज़मीन पर नगर पंचायत वासियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस एक पार्क बनाया जाए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य और मनोरंजन का बेहतर साधन मिल सके।

1.82 किमी सड़क का काम रुका हुआ

कोटवारा पंचायत में गरवा मोड़ से देवी मंदिर तक 1.82 किलोमीटर लंबी सड़क का डीपीआर बन चुका है, लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है।

विधायक ने सरकार से अपील की कि जल्द से जल्द इसकी प्रशासनिक मंजूरी दी जाए, ताकि सड़क निर्माण का काम शुरू हो सके।

रफीगंज रेफरल अस्पताल की हालत चिंताजनक

नगर पंचायत रफीगंज स्थित रेफरल अस्पताल का मुद्दा भी सदन में प्रमुखता से उठाया गया।

विधायक ने बताया कि अस्पताल में 14 डॉक्टरों की जगह सिर्फ 3 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। विभागीय डॉक्टर एक भी नहीं है।

प्रसूति के लिए महिला डॉक्टर नहीं है और बच्चों के इलाज के लिए शिशु रोग विशेषज्ञ भी नहीं है।

उन्होंने मांग की कि खाली पदों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की पोस्टिंग की जाए, ताकि मरीजों को सिर्फ रेफर न किया जाए बल्कि इलाज भी मिल सके।

केशहर नदी का चेक डैम जर्जर हालत में

मदनपुर प्रखंड के दधपी और पिपरौरा के पास केशहर नदी पर बने चेक डैम की हालत बेहद खराब है।

विधायक ने कहा कि डैम में गाद भर चुकी है और वह जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है, जिससे सैकड़ों गांवों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने दोबारा निर्माण कराने की मांग की।

खेल के लिए आधुनिक स्टेडियम की मांग

नगर पंचायत रफीगंज के रानी ब्रजराज उच्च विद्यालय (आर.बी.आर.) के खेल मैदान और मदनपुर पड़ाव खेल मैदान में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम निर्माण की मांग भी की गई।

विधायक का कहना है कि अगर स्टेडियम बनता है तो युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर मौका मिलेगा।

उमगा पहाड़ को पर्यटन स्थल बनाने की मांग

मदनपुर प्रखंड से सटे उमगा पहाड़ पर स्थित उमगेश्वरी माता मंदिर में हर साल राजकीय महोत्सव का आयोजन होता है।

विधायक ने सरकार से मांग की कि यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जैव विविधता पार्क बनाया जाए।

साथ ही उन्होंने बताया कि इस पहाड़ पर 52 मंदिरों की श्रृंखला है और यह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसलिए यहां सौंदर्यीकरण के साथ-साथ रोपवे निर्माण की भी मांग की गई।

मुंशी बिगहा और सिरौंधा में नहीं है विद्यालय भवन

दक्षिणी उमगा पंचायत के मुंशी बिगहा और सिरौंधा गांव में स्कूल भवन नहीं है, जबकि शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति हो चुकी है।

छात्र-छात्राओं को पढ़ने के लिए 2 से 3 किलोमीटर दूर दूसरे गांव जाना पड़ता है। विधायक ने दोनों गांवों में विद्यालय भवन निर्माण की मांग की।

साफ संदेश – रफीगंज की समस्याओं पर गंभीर हैं विधायक

बिहार विधानसभा सत्र 2026 में प्रमोद कुमार सिंह ने एक-एक कर अपने क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सुरक्षा, खेल और पर्यटन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया।

अब देखना यह है कि सरकार इन मांगों पर कितनी जल्दी कार्रवाई करती है और रफीगंज के लोगों को कब तक इन समस्याओं से राहत मिलती है।

Report : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *