सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, बजट से लेकर अस्पताल और नीट मामले तक रखी अपनी बात

Share this News

औरंगाबाद, बिहार में शनिवार 14 फरवरी 2026 को सदर विधानसभा क्षेत्र संख्या 223 से पहली बार चुने गए भाजपा विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने अपने आवासीय कार्यालय में पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ये चुनाव जीतने के बाद उनकी पहली औपचारिक प्रेस मुलाकात थी।

सबसे पहले उन्होंने मौजूद पत्रकारों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि आप लोगों ने वक्त दिया, इसके लिए धन्यवाद। इसके बाद उन्होंने कहा कि आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस एक गंभीर विषय पर है, और वो है बिहार का नया बजट, उसकी दिशा और उसकी परफॉर्मेंस।

बजट पर क्या बोले विधायक?

उन्होंने कहा कि इस बार बिहार ने अपने विधानसभा सत्र में अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है, और उन्हें खुद इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में रेवेन्यू डेफिसिट की बात होती थी और बजट का बड़ा हिस्सा सिर्फ सरकार चलाने में चला जाता था, लेकिन अब सरकार ने विकास की साफ दिशा दिखाई है।

विधायक ने कहा कि इस बार के बजट में मूलभूत सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर खास फोकस है। चाहे सड़क हो, स्कूल हो, अस्पताल हो या किसानों से जुड़े मुद्दे – हर क्षेत्र में सरकार ने विस्तार से योजना बनाई है। उन्होंने ये भी कहा कि रोजगार सृजन पर भी खास ध्यान दिया गया है।

उनके मुताबिक, पहले बिहार की विकास दर राष्ट्रीय औसत से कम रहती थी, लेकिन अब अनुमानित विकास दर राष्ट्रीय अनुपात से ऊपर है, जो पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री को धन्यवाद भी दिया।

औरंगाबाद सदर अस्पताल पर उठे सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने सवाल किया कि बजट तो हर साल बढ़ता है, लेकिन औरंगाबाद के चर्चित सदर अस्पताल की हालत अब भी वैसी ही है। नई बिल्डिंग होने के बावजूद मरीजों को अक्सर सिर्फ रेफर कर दिया जाता है। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था पर क्या कहना चाहेंगे?

इस पर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था सिर्फ बिल्डिंग से नहीं चलती, उसमें ह्यूमन रिसोर्स और पूरा इकोसिस्टम जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि 2004-05 से पहले के वर्षों में बिहार में एक भी नया मेडिकल कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज या नर्सिंग कॉलेज नहीं खुला था। पुराने मेडिकल कॉलेजों में भी विस्तार नहीं हुआ, जिसका असर डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी के रूप में दिखा।

उन्होंने कहा कि अब हालात बदल रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने विधानसभा में ट्रॉमा सेंटर का मुद्दा उठाया था। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान देव के पातालगंगा में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी, जिसकी उन्हें याद भी दिलाई गई। अब औरंगाबाद जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर है और धीरे-धीरे दूरी जरूर तय की जाएगी।

नीट छात्रा हत्याकांड और अन्य मुद्दों पर जवाब

एक और सवाल में पत्रकार ने पूछा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह आपकी सरकार है, फिर भी यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन का मामला और बिहार में चर्चित नीट छात्रा हत्याकांड पर काफी सवाल उठ रहे हैं। इस पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है?

इस पर विधायक ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और इसे सीबीआई को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे हर छात्र-छात्रा और खासकर बेटियों के लिए मजबूती से खड़े हैं। जहां जरूरत पड़ेगी, वे संघर्ष के लिए भी तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे को समाज को बांटने का जरिया नहीं बनना चाहिए।

हाईवे और इंडस्ट्रियल पॉलिसी पर भी चर्चा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने नेशनल हाईवे-139 और नई इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिला अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है और आने वाले समय में इसका विकास तय है।

रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *