शब्दवीणा ने पश्चिम बंगाल समिति का पुनर्गठन कर डॉ. शिव प्रकाश दास को दिया नई ज़िम्मेदारी

Share this News

गया जी (बिहार) : राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘शब्दवीणा’ की पश्चिम बंगाल प्रदेश इकाई का पुनर्गठन किया गया है। शब्दवीणा की संस्थापिका एवं राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रो. डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी, पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष ग़ज़लकार राम नाथ बेख़बर एवं प्रदेश सचिव वरिष्ठ कवि सचिव रामपुकार सिंह के मार्गदर्शन में गहन विचार-विमर्श के उपरांत डॉ. शिव प्रकाश दास को समिति का प्रदेश संगठन मंत्री, देवेश मिश्र को प्रदेश संयोजक, एवं संजीव दुबे को प्रदेश प्रचार मंत्री के रूप में मनोनीत किया है।

समिति में तीन नये कर्मनिष्ठ एवं अनुभवी सदस्यों के शामिल होने पर शब्दवीणा के पश्चिम बंगाल प्रदेश संरक्षक पुरुषोत्तम तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष हीरा लाल साव, प्रदेश साहित्य मंत्री ज्ञान प्रकाश पांडेय व अन्य सदस्यों ने हार्दिक प्रसन्नता जतायी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रश्मि ने बताया कि शब्दवीणा पश्चिम बंगाल के पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री कवि रणविजय श्रीवास्तव के निधन के उपरांत समिति में प्रदेश संगठन मंत्री का पद रिक्त पड़ा था। प्रदेश अध्यक्ष श्री बेख़बर , नव मनोनीत प्रदेश संगठन मंत्री डॉ शिव प्रकाश दास व सभी प्रदेश पदाधिकारियों की देखरेख में पश्चिम बंगाल प्रदेश समिति का जिलास्तरीय सांगठनिक विस्तार किया जायेगा।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष श्री बेख़बर ने भी इस संबंध में कहा कि शीघ्र ही, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हुगली, हावड़ा, पुरुलिया, अलीपुरद्वार, बांकुरा, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, मालदा, मुर्शिदाबाद, वर्धमान, मेदिनीपुर व अन्य जिलों में शब्दवीणा की जिला समितियों के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी। साथ ही, हिन्दी की सेवार्थ कार्य प्रारंभ कर दिये जायेंगे। प्रदेश समिति को सुदृढ़ता प्रदान करने में युवा कवि एवं कुशल कार्यक्रम संचालक देवेश मिश्र भी अहम भूमिका निभायेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष कवि बेख़बर ने सूचित किया कि आगामी रविवार 21 सितंबर को शब्दवीणा पश्चिम बंगाल प्रदेश समिति द्वारा असेंबली अॉफ लिटिल बड्स हाई स्कूल (एच.एस.), प्रभाष नगर, हुगली में सितंबर माह की प्रादेशिक मासिक काव्यगोष्ठी संध्या 4 बजे से आयोजित की जायेगी, जिसमें पश्चिम बंगाल के जाने माने रचनाकार अपनी रचनाएँ प्रस्तुत करेंगे।

रिपोर्ट: विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *