आम लोगों की आर्थिक मदद में बैंकर्स की बड़ी जिम्मेदारी: प्रभाकर सिंह

Share this News

गया, बिहार के वजीरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में बुधवार को ब्लॉक लेवल बैंकर्स कमिटी की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में इलाके के सभी बैंकों के मैनेजर और उनके प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता बीडीओ प्रभाकर सिंह ने की। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आम जनता की आर्थिक मदद में बैंकर्स की भूमिका बेहद अहम होती है। सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लोन और सहयोग राशि लाभुकों के खातों में बिना देरी के भेजी जानी चाहिए।

उन्होंने खास तौर पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले लोगों—जैसे बुजुर्ग और दिव्यांगजन—के खातों में होने वाली त्रुटियों और केवाईसी से जुड़ी दिक्कतों को तुरंत ठीक करने पर ज़ोर दिया। उनका कहना था कि लोगों को बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए बैंककर्मी जिम्मेदारी से काम करें।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अलग-अलग तरह के ऋण की सुविधाएं आम लोगों को आसानी से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे रोजगार शुरू कर सकें और अपने अन्य जरूरी काम पूरे कर सकें।

बैठक में एलडीएम राजेश सिंह ने भी बैंक कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने निर्देश दिया कि हर महीने रजिस्टर 9 का 10 से मिलान जरूर किया जाए, ताकि ऋण वसूली और अन्य बैंकिंग कार्यों में सहूलियत हो और संबंधित दफ्तरों को समय पर जानकारी मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि विश्वकर्मा योजना और बैंकों के माध्यम से चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए। इससे अधिक लोगों को लोन का लाभ मिल सकेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

रिपोर्ट: विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *