मुजफ्फरपुर में नाले से मिला महिला का शव, पहचान मिटाने की कोशिश, ससुराल वाले फरार

Share this News

मुजफ्फरपुर: शहर के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गंडक नदी के पास आश्रम घाट से सटे एक नाले से महिला का शव बरामद किया गया। आसपास के लोगों को काफी तेज दुर्गंध महसूस हो रही थी। शक होने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ नगर डीएसपी टाउन-1, सिटी एसपी और फॉरेंसिक टीम भी मौजूद रही। नाले से एक बोरे में बंद महिला की लाश निकाली गई, जिसे देखकर सभी सन्न रह गए।

शरीर पर जख्म, चेहरे को बेरहमी से कुचला गया

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे। धारदार हथियार से हमला किए जाने के सबूत मिले हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला की पहचान छुपाने के इरादे से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया था।

साड़ी और गोदना से हुई पहचान

थाने में पहले से गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज थी। पुलिस ने शक के आधार पर महिला के परिजनों को मौके पर बुलाया। मृतका के भाई शिवनाथ साह अपने अन्य परिजनों के साथ पहुंचे। उन्होंने महिला की साड़ी और शरीर पर बने गोदना (टैटू) के आधार पर पहचान की।

मृतका की पहचान फूलो देवी (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मी साह की पुत्री थीं।

किराए के मकान में रहती थी, पति चलाता था जूस की दुकान

फूलो देवी अपने ससुराल वालों के साथ कृष्णा सिनेमा के पास एक किराए के मकान में रह रही थी। उसका पति संतोष साह पास ही जूस की दुकान चलाता था। मायके और ससुराल दोनों मूल रूप से सितामढ़ी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पहले भी हो चुकी थी मारपीट, दी जा रही थीं जान से मारने की धमकियां

मृतका के भाई शिवनाथ साह ने आरोप लगाया कि फूलो देवी के साथ पहले भी ससुराल वालों ने मारपीट की थी। उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। इस मामले में परिजनों ने पहले ही सिकंदरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस

नगर डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इंसाफ की मांग कर रहे हैं।

Report : ग़ज़नफर इक़बाल

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *