टिकारी नगर परिषद में जनहित मुद्दों पर बड़ी बैठक, प्रशासन की लापरवाही पर सभापति सख्त

Share this News

टिकारी (बिहार): टिकारी नगर परिषद के सभा कक्ष में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में स्थानीय विधायक, नगर परिषद सभापति और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान शहर की कई ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर चर्चा और मंथन किया गया।

नगर परिषद सभापति अजहर इमाम ने बैठक के बाद एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि नगर की अधिकांश समस्याओं का समाधान पुलिस और प्रशासन के सहयोग से संभव है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि कुछ जिम्मेदार पदाधिकारी बैठक में शामिल नहीं हुए, जबकि उनकी उपस्थिति बेहद जरूरी थी। अगर वे वास्तव में व्यस्त थे, तो उन्हें किसी सक्षम प्रतिनिधि या मजिस्ट्रेट को बैठक में भेजना चाहिए था।

उन्होंने आगे कहा कि यदि आने वाले दिनों में भी अधिकारियों का यही रवैया बना रहा, तो इससे यह साफ जाहिर होता है कि उन्हें जनता की समस्याओं और सेवा से कोई मतलब नहीं है, बल्कि वे केवल वेतन लेने में रुचि रखते हैं। सभापति ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में स्थानीय प्रशासन का सहयोग नहीं मिला, तो वे जनता के हक की लड़ाई के लिए आंदोलन करने को मजबूर होंगे और इस मुद्दे को वरीय अधिकारियों के सामने मजबूती से रखेंगे।

अजहर इमाम ने बताया कि बैठक में शहर में लगने वाले जाम की समस्या, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के बावजूद अपराध में कमी न आना जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो एक बार फिर बैठक कर अंतिम प्रयास किया जाएगा, ताकि टिकारी नगर को बेहतर बनाया जा सके।

इस बैठक की एक खास बात यह रही कि यह नवनिर्वाचित विधायक अजय कुमार दांगी की पहली आधिकारिक बैठक थी। बैठक की शुरुआत उनका स्वागत कर नगर परिषद के सभी माननीय पार्षदों से परिचय कराते हुए की गई।

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी, कनीय अभियंता, विद्युत सहायक अभियंता (आपूर्ति), अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक के प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व प्रतिनिधि, मीडियाकर्मी, दरोगा कन्हैया कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और जिला परिषद सदस्य सुरेश प्रसाद यादव सहित कई अन्य गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *