दरभंगा में मासूम से दरिंदगी के बाद फूटा गुस्सा

Share this News

छह साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या, इलाके में तनाव

दरभंगा (बिहार) 6 फ़रवरी 2026 : दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बेला रोड में एक दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया। छह साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम, आगजनी और पुलिस के साथ पत्थरबाज़ी शुरू कर दी।

घटना सुंदरपुर पटवा तालाब के पास की बताई जा रही है, जहां बच्ची खून से लथपथ हालत में मिली। इस दर्दनाक खबर के फैलते ही इलाके के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए और आरोपी को सख्त सजा देने की मांग करने लगे।

खेलते समय बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी

बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर कुछ बच्चियां तालाब के किनारे खेल रही थीं। उसी दौरान पड़ोस का रहने वाला विकास महतो एक बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

परिवार के लोग शाम तक बच्ची की तलाश करते रहे। पूछताछ के दौरान एक बच्ची ने बताया कि एक आदमी उसे अपने साथ ले गया था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपी की पहचान हुई। पुलिस ने रात में ही विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

गिरफ्तारी के बावजूद उग्र हुई भीड़

घटना की खबर फैलते ही रात से ही लोग जमा होने लगे थे। सुबह होते-होते भीड़ उग्र हो गई और आरोपी को जनता के हवाले करने की मांग पर अड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और आगजनी शुरू कर दी।

जब पुलिस ने हालात काबू में करने की कोशिश की, तो पत्थरबाज़ी शुरू हो गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख एसएसपी जगुनाथ रेड्डी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दूसरे थानों की पुलिस और पैरामिलिट्री बल को भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया गया।

इलाके में पुलिस कैंप, उपद्रवियों पर कार्रवाई की तैयारी

फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस कैंप कर रही है। प्रशासन का कहना है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही उपद्रव फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस का यह भी कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व अपने स्वार्थ के लिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Report: अजय कुमार पाण्डेय/ग़ज़नफर इकबाल

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *