शुक्रवार, 13 मार्च 2025 को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने एलपीजी गैस सप्लाई को लेकर जिले के लोगों से एक अहम अपील की। उन्होंने साफ कहा कि लोग धैर्य रखें और किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
DM ने अपने वीडियो बयान में बताया कि जिले में कुल 37 गैस एजेंसियां और डिस्ट्रीब्यूटर काम कर रहे हैं। इनमें 15 इंडेन, 11 एचपी और 11 भारत गैस की एजेंसियां शामिल हैं। उनके मुताबिक सभी एजेंसियों के पास पूरे महीने का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई में किसी तरह की कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं, जिससे लोगों में घबराहट पैदा हो रही है। इसी वजह से कई लोग डबल बुकिंग या जरूरत से ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है और सप्लाई थोड़ी धीमी हो गई है। कई जगहों पर लंबी कतारें भी इसी कारण लग रही हैं।
DM ने यह भी बताया कि हाल ही में OTP और सर्वर से जुड़ी तकनीकी दिक्कतें आई थीं, जिसकी वजह से सप्लाई में थोड़ी देरी हुई। लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है और गैस की उपलब्धता में कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घर बैठे ही गैस बुकिंग करें। आमतौर पर 2 दिनों के अंदर डिलीवरी मिल जाएगी, इसलिए घबराने या पैनिक करने की कोई जरूरत नहीं है।
साथ ही उन्होंने साफ कहा कि घरेलू गैस का स्टॉक पूरी तरह उपलब्ध है और सभी एजेंसियां ठीक तरीके से काम कर रही हैं। हालांकि कमर्शियल गैस सप्लाई में थोड़ा अंतर जरूर है, लेकिन वह भी सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही दी जा रही है।
अंत में DM ने सभी से अनुरोध किया कि कोई भी अफवाह न फैलाएं और सही जानकारी पर ही भरोसा करें, ताकि सभी तक बिना रुकावट गैस की सप्लाई पहुंचती रहे।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
