औरंगाबाद पहुंचे प्रशांत किशोर, प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बिना सवाल लिए निकल गए

Share this News

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के खत्म होने के बाद पहली बार जनसुराज के सूत्रधार Prashant Kishor औरंगाबाद जिला मुख्यालय पहुंचे। बुधवार, 11 मार्च 2026 को समाहरणालय मुख्य द्वार के सामने बनी एक चर्चित होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस मौके पर पिछले विधानसभा चुनाव में औरंगाबाद जिले से जनसुराज की ओर से चुनाव लड़ने वाले कई प्रत्याशी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सबसे पहले पार्टी के अंदरूनी बैठक से हुई। इस बैठक में प्रशांत किशोर ने 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। बैठक में चुनाव के अनुभव, संगठन की स्थिति और आगे की रणनीति पर बात हुई।

बैठक के बाद शाम करीब 5 बजे पत्रकारों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान प्रशांत किशोर ने अपने विचार रखते हुए बिहार की राजनीति को लेकर कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar, देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृह मंत्री Amit Shah के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी तीखा कटाक्ष किया।

हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब मौके पर मौजूद पत्रकारों ने अलग-अलग मुद्दों पर उनसे सवाल पूछने की कोशिश की, तो माहौल थोड़ा अलग हो गया। पत्रकारों की तरफ से कई सवाल तैयार थे, लेकिन प्रशांत किशोर ने अचानक बातचीत खत्म करते हुए कहा, “हो गया, हो गया… अब हम निकल रहे हैं।”

इस तरह सवाल पूछने के इच्छुक कई पत्रकारों को मौका ही नहीं मिल पाया। इसके बाद वह बिना सवाल-जवाब का दौर चलाए ही वहां से निकल गए और अपने चार पहिया वाहन में बैठकर आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

शाम के बाद रात में उनका अगला कार्यक्रम मदनपुर प्रखंड के बाबू गरडीह गांव में रखा गया था। वहां एक जनसभा आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने हजारों लोगों को संबोधित किया।

बाबू गरडीह गांव चेई नवादा पंचायत के मुखिया विकास कुमार सिंह उर्फ बबलु सिंह का पैतृक गांव है। विकास कुमार सिंह उर्फ बबलु सिंह भी पिछले बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार के रूप में रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 से चुनाव लड़ चुके हैं।

जनसभा खत्म होने के बाद प्रशांत किशोर वहां से गया के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि गुरुवार को गया जिले में भी उनका कार्यक्रम तय था, इसलिए वे उसी रात गयाजी के लिए निकल गए।

रिपोर्ट: अजय कुमार पांडेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *