टिकारी अनुमंडल का 31वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

Share this News

टिकारी (बिहार): टिकारी अनुमंडल का 31वां स्थापना दिवस मंगलवार को पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर में खुशी का माहौल देखने को मिला। सुबह करीब 9 बजे टिकारी डाक बंगला से एक प्रभात फेरी निकाली गई, जो शहर के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से होते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर तक पहुंची।

प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसमें टिकारी राज इंटर कॉलेज के सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स शामिल थे। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी योगेन्द्र पासवान, टिकारी अनुमंडल संघर्ष समिति के संयोजक अबरार आलम, सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर, टिकारी नगर परिषद के अध्यक्ष अज़हर इमाम तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुंदन के प्रतिनिधि के रूप में टिकारी प्रखंड पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रभात फेरी के बाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुंदन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशांत कुमार चंचल, प्रखंड विकास पदाधिकारी योगेन्द्र पासवान, अबरार आलम, सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर और प्रो. मुद्रिका प्रसाद नायक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। अमित कुमार धन्नु और सुशील कुमार मिश्रा सहित कई कलाकारों ने गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुंदन ने टिकारी अनुमंडल आंदोलन से जुड़े सभी संघर्षशील कार्यकर्ताओं को याद करते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि टिकारी को अनुमंडल बनाने के लिए कई लोगों ने लंबा संघर्ष किया है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने स्कूली बच्चों को मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा आम जनता को अनुमंडल स्तर की सभी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशांत कुमार चंचल ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हमेशा जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगा। वहीं, संयोजक अबरार आलम ने टिकारी को अनुमंडल बनाए जाने के आंदोलन की पूरी पृष्ठभूमि और संघर्ष की कहानी को विस्तार से बताया। डॉ. शत्रुघ्न दांगी ने टिकारी महोत्सव की शुरुआत कराने की मांग भी रखी।

कार्यक्रम का संचालन संजय अथर्व ने किया। सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर के सुझाव पर कार्यक्रम स्थल पर टिकारी के ऐतिहासिक स्थलों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे देखने के लिए लोगों की अच्छी भीड़ जुटी और सभी ने इसकी सराहना की।

इस अवसर पर 19 प्रतिभावान छात्रों, टिकारी अनुमंडल संघर्ष समिति के सभी सदस्यों, अनुमंडल के पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

अनुमंडल कार्यालय के कर्मचारी राजेश कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए स्थानीय लोगों ने उनकी सराहना की। साथ ही सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सत्यम कुमार, आस्था मिश्रा, प्रिंस कुमार राज, स्नेहा कुमारी, ज्ञान प्रकाश, आदित्य राणा, आयुषी कुमारी, उत्पल कांत, प्रेरणा श्री, साकेत कुमार, पीयूष कुमार, अभिषेक कुमार, कोमल कुमारी, कुंती नैंसी, पलक कुमारी, सौरव राज, डोली कुमारी और स्वीटी कुमारी ने अपनी कला से लोगों का दिल जीत लिया। इनके प्रदर्शन से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह और गर्व देखने को मिला।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *