औरंगाबाद (बिहार): पृथ्वीराज चौहान सभागार में वार्ड सदस्य संघ की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अभय पासवान ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्ड सदस्य उपस्थित हुए। बैठक में अनुरक्षण एवं अनु रक्षक मद की बकाया राशि को जल्द दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
वार्ड सदस्यों ने बताया कि वे बीते दो वर्षों से अनुरक्षण और अनु रक्षक का कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें पूरी राशि नहीं दी गई है। केवल आधी-अधूरी भुगतान ही हुआ है। सदस्यों ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के संरक्षण में पंचायत सचिव और कई मुखिया अनियमित रूप से कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित पदाधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष अभय पासवान ने जानकारी दी कि पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त सचिव द्वारा वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के माध्यम से मुख्यमंत्री गली-नाली निर्माण योजना के कार्यान्वयन के लिए पत्र जारी किया गया है। इस पर वार्ड सदस्यों में खुशी की लहर है।
हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि कई मुखिया इस योजना की राशि हड़पने की साजिश रच रहे हैं। इसी कारण वार्ड सदस्य आक्रोशित हैं और पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक के अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन का मन बना चुके हैं।अभय पासवान ने स्पष्ट किया कि यदि जरूरत पड़ी, तो यह लड़ाई सड़क से सदन और न्यायालय तक लड़ी जाएगी। उन्होंने जिला पदाधिकारी और जिला पंचायती राज पदाधिकारी से भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मीडिया प्रभारी अजय यादव, प्रखंड उपाध्यक्ष अमित कुमार, नौगढ़ के उपमुखिया शंकर साव, मंझार के उपमुखिया राजकुमार, कर्मा भगवान के उपमुखिया रामाशीष यादव, इब्राहिमपुर के उपमुखिया सुनील यादव, वार्ड सदस्य सुरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र पासवान, रणधीर सिंह, संगीता देवी, बसंत सिंह, संजय राम और सोमेश्वर साव भी मौजूद रहे।इस पूरी जानकारी की पुष्टि जिलाध्यक्ष अभय पासवान ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से संवाददाता को दी।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
