औरंगाबाद कोर्ट को मेल पर बम की धमकी, मचा हड़कंप — पूरा न्यायालय परिसर कराया गया खाली

Share this News

औरंगाबाद व्यवहार न्यायालय में बम की धमकी से अफरा-तफरी

औरंगाबाद (बिहार): सोमवार, 09 फरवरी 2026 की सुबह औरंगाबाद व्यवहार न्यायालय में उस समय हड़कंप मच गया जब करीब 11 बजे कोर्ट प्रशासन को ईमेल के जरिए बम होने की धमकी मिली। धमकी मिलते ही विधि प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराने का आदेश जारी कर दिया। अनाउंसमेंट के जरिए सभी लोगों को बाहर निकलने को कहा गया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में कोर्ट परिसर खाली हो गया।

न्यायिक कार्य हुआ ठप, अधिवक्ताओं में नाराज़गी

धमकी की सूचना मिलते ही न्यायिक कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। न्यायाधीश, पेशकार, अधिवक्ता और मुवक्किल — सभी को सुरक्षा कारणों से परिसर से बाहर निकलना पड़ा। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई अधिवक्ताओं ने मेल भेजने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी नाराज़गी जताई और इसे न्यायिक प्रक्रिया को बाधित करने की साजिश बताया।

पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष जांच टीम वरीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने न्यायालय परिसर और विधिक सेवा सदन के हर हिस्से की गहन तलाशी शुरू की। समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं थीं।

पिछले सप्ताह भी मिली थी धमकी

गौरतलब है कि बिहार के कुछ अन्य व्यवहार न्यायालयों को भी पिछले सप्ताह बम की धमकी दी गई थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने न्यायिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। औरंगाबाद की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया है।

कोर्ट के बाहर लगी रही भीड़

जांच के दौरान न्यायालय परिसर के बाहर मुवक्किलों की भारी भीड़ जमा रही। लोग चिंतित थे और अंदर की स्थिति जानने की कोशिश कर रहे थे। पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, जबकि प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाए रखने में जुटा रहा।

Report: अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *