औरंगाबाद (बिहार): बिहार के औरंगाबाद में इस बार होली का रंग कुछ खास ही देखने को मिला। यहां लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र पासवान ने अपने परिवार और समर्थकों के साथ मिलकर पूरे उत्साह के साथ होली का त्योहार मनाया।
जितेंद्र पासवान ने अपने जिला मुख्यालय स्थित आवास पर अपने पुत्र मनीष पासवान और नीतीश पासवान समेत पूरे परिवार के साथ मिलकर होली का आयोजन किया। घर पर सुबह से ही रंग-गुलाल, मिलना-जुलना और मेहमानों के स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया था।

होली के मौके पर उनके आवास पर मोहल्ले के लोग, रिश्तेदार, रफीगंज विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के कार्यकर्ता और जिले के कई लोग पहुंचे। जितेंद्र पासवान ने सभी से बड़े ही अपनत्व के साथ मुलाकात की। जो भी मेहमान आए, उन्हें अबीर लगाकर स्वागत किया गया। बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया गया और छोटे लोगों को प्यार व आशीर्वाद दिया गया।
होली के इस आयोजन में सिर्फ रंग-गुलाल ही नहीं, बल्कि मेहमाननवाजी भी खास रही। जितेंद्र पासवान और उनके परिवार ने सभी आए हुए मेहमानों को बड़े सम्मान के साथ बैठाकर भोजन कराया। बताया जाता है कि करीब 500 लोगों को भरपेट भोजन कराया गया, जिससे माहौल और भी उत्सव जैसा बन गया।
शाम के समय जब संवाददाता की मुलाकात जितेंद्र पासवान से हुई, तो उन्होंने बातचीत के दौरान अपने परिवार के संस्कारों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके दादा और उनके पिता स्वर्गीय रामानंद पासवान भी शुरू से समाजसेवा से जुड़े रहे थे।
जितेंद्र पासवान ने कहा कि उनके घर में बचपन से ही यह सीख दी गई कि जो भी व्यक्ति घर आए, उसे कभी निराश नहीं लौटाना चाहिए। यही कारण है कि आज भी वह अपनी क्षमता के अनुसार हर व्यक्ति की मदद करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके दोनों बेटे भी इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार की पुरानी परंपरा और संस्कार हैं, जिन्हें वह कभी भूल नहीं सकते।
वहीं दूसरी ओर, रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 से लोक जनशक्ति पार्टी के पूर्व प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह ने भी अपने भेड़िया स्थित आवास पर होली के दिन आए हुए मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया और लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
होली के इस अवसर पर औरंगाबाद में सामाजिक मेल-मिलाप, भाईचारे और आपसी प्रेम का सुंदर माहौल देखने को मिला।
Report : अजय कुमार पाण्डेय
