मगध क्षेत्र के नए आईजी बने विकास वैभव, लोगों ने किया गर्मजोशी से स्वागत

Share this News

गया जी (बिहार) :  बिहार पुलिस के तेज-तर्रार और ईमानदार आईपीएस अफसर विकास वैभव को मगध क्षेत्र का नया आईजी बनाए जाने पर आम लोगों में खुशी का माहौल है। उनके तबादले का लोगों ने खुलकर स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में इलाके की कानून व्यवस्था और ज्यादा मजबूत होगी।

सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने कहा कि विकास वैभव ने अपने पूरे पुलिस कार्यकाल में कई ऐसे काम किए हैं, जिनकी वजह से आम जनता के बीच उनकी एक साफ-सुथरी और जनप्रिय छवि बनी है। उन्होंने बताया कि एक दौर में रोहतास किला इलाका नक्सली गतिविधियों से काफी प्रभावित था। उस समय विकास वैभव के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके को नक्सलियों से मुक्त कराया था। इसी दौरान ऐतिहासिक रोहतास किला पर तिरंगा भी फहराया गया था।

बताया गया कि उनके नेतृत्व में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया और नई जिंदगी की शुरुआत की। हिमांशु शेखर ने यह भी कहा कि विकास वैभव ने पुलिस और आम लोगों के बीच बढ़ती दूरी को कम करने का काम किया। उनकी कार्यशैली की वजह से लोगों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा बढ़ा है और कई लोग उन्हें अपने परिवार के सदस्य जैसा मानते हैं।

मार्च 2021 में विकास वैभव ने “आइये, मिलकर प्रेरित करें बिहार” यानी “लेट्स इंस्पायर बिहार” अभियान की शुरुआत की थी। शिक्षा, समता और उद्यमिता को आधार बनाकर शुरू किए गए इस अभियान को समाज के अलग-अलग वर्गों से अच्छा समर्थन मिला। भारतीय इतिहास, संस्कृति, प्रेरणादायक विचारों और सामाजिक मुद्दों पर उनके लगातार लेखन और संवाद की वजह से युवाओं के बीच भी उनकी खास पहचान बनी हुई है।

भारतीय इतिहास और संस्कृति, आतंकवाद अध्ययन, ऐतिहासिक स्थलों की यात्राएं और शोध आधारित लेखन उनकी खास रुचियों में शामिल हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मगध क्षेत्र के लोगों को बेहतर पुलिस व्यवस्था का लाभ मिलेगा और कानून व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत होगी।

इस मौके पर हिमांशु शेखर, अबरार आलम, सौम्या अथर्व, प्रमोद कुमार, डॉ अमित नारायण रघु और नागेंद्र सिंह समेत कई लोगों ने विकास वैभव को शुभकामनाएं दी हैं।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *