महंगाई और मंदी के दोहरे संकट से जूझ रहा व्यापारी वर्ग : परमजीत सिंह पम्मा

Share this News

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने व्यापारियों और आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने का सीधा असर व्यापार और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगे होने से परिवहन लागत लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण बाजार में आने वाली हर वस्तु की कीमत प्रभावित हो रही है।

परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि पिछले दिनों दूध, रसोई गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं के दामों में हुई बढ़ोतरी ने आम लोगों और व्यापारियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ बाजार में मंदी का माहौल बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ लगातार बढ़ती महंगाई व्यापारियों की कमर तोड़ने का काम कर रही है। छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि खर्च लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन व्यापार में उस अनुपात में वृद्धि नहीं हो रही।

परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सिर्फ यातायात तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव खाद्य पदार्थों, दैनिक उपयोग की वस्तुओं और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी पड़ता है। इससे आम परिवारों का मासिक बजट बिगड़ रहा है और व्यापारी वर्ग भी आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है।

परमजीत सिंह पम्मा ने सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल और अन्य जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर जल्द नियंत्रण किया जाए, ताकि व्यापारियों और आम जनता को राहत मिल सके तथा बाजार में आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिल पाए।

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *