प्रभुराज यू एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी आगामी भोजपुरी फिल्म ‘विधना तोहरे देश में’ की स्पेशल स्क्रीनिंग शनिवार, 14 नवंबर 2026 को मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित IMPPA प्रिव्यू थिएटर में आयोजित की गई। इस मौके पर फिल्म के कलाकारों के साथ-साथ फिल्म निर्माण से जुड़े कई लोग भी मौजूद रहे। साफ-सुथरी और पारिवारिक कहानी पर आधारित यह फिल्म अपनी संवेदनशील प्रेम कहानी, मधुर गीत-संगीत और खूबसूरत फिल्मांकन के जरिए दर्शकों का ध्यान खींच रही है। फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
फिल्म की कहानी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले युवक राम (मनन तिवारी) और कंचन (तनुश्री) के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों एक-दूसरे से मोहब्बत करने लगते हैं, लेकिन पारिवारिक दबाव और हालात के चलते कंचन की शादी राजा (आशीष खाम्भे) से हो जाती है। इसके बाद राम और कंचन की मोहब्बत क्या मोड़ लेती है और किस्मत उनके जीवन में कौन-सा नया इम्तिहान लेकर आती है, यही फिल्म की कहानी का अहम पहलू है। फिल्म में प्रेम, रिश्तों और भावनाओं को संवेदनशील अंदाज में पेश किया गया है। इसके मधुर संगीत और खूबसूरत गीतों ने कहानी के असर को और बढ़ाया है।
फिल्म में मनन तिवारी, तनुश्री, आशीष खाम्भे हैप्पी, ग्लोरी मोहंती, समर्थ चतुर्वेदी, प्रिया वर्मा, नीलू तिवारी, रीना पांडे, विद्या सिंह, परमानंद तिवारी, धर्मवीर पंडित, महेश यादव, आर.के. गोस्वामी, मनीष पांडे, बिट्टू तिवारी और सरफुद्दीन अंसारी समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के गीत और संगीत सचिदानंद कवच ने तैयार किए हैं। वहीं, पामेला जैन, खुशबू जैन, प्रियंका सिंह, आलोक कुमार, मनोज मिश्रा और सचिदानंद कवच ने अपनी आवाज से गीतों को सजाया है। फिल्म की कहानी और पटकथा की जिम्मेदारी सचिदानंद पांडेय कवच ने निभाई है।
फिल्म का निर्देशन विशाल बुराड़े ने किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी दया शंकर सिंह ने संभाली है। फिल्म का संपादन विनोद चौरसिया ने किया है और दिनेश चौरसिया साउंड रिकॉर्डिस्ट हैं। फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन मुंबई स्थित गुरुकृपा स्टूडियो में किया गया है।
इस फिल्म के निर्माता मनवेन्द्र तिवारी, अभयानंद पांडेय और उमाशंकर गुप्ता हैं। वहीं, विश्वेश्वर साहनी और आशुतोष त्रिपाठी सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं। फिल्म के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भोजपुरी सिनेमा के वरिष्ठ प्रचारक समरजीत संभाल रहे हैं। स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों में उत्सुकता देखने को मिली। पारिवारिक रिश्तों, मोहब्बत और नियति के उतार-चढ़ाव को पर्दे पर उतारने वाली ‘विधना तोहरे देश में’ से भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों को एक साफ-सुथरी और मनोरंजक फिल्म मिलने की उम्मीद है। फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
