औरंगाबाद में पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री समेत प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग

Share this News

औरंगाबाद : शनिवार, 25 जुलाई 2026 को पेपर लीक मामले को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और उनके समर्थकों ने जिला मुख्यालय औरंगाबाद के चर्चित रमेश चौक पर एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन दोपहर करीब 11:30 बजे शुरू हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि जब पूरे देश में लोग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं, तो फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनका इस्तीफा क्यों नहीं ले रहे हैं। उनका कहना था कि अब केवल शिक्षा मंत्री ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को भी अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इन सभी की नीतियों से शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पूरा देश प्रभावित हुआ है।

प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने मीडिया के सामने कहा कि वह किसान परिवार से आता है। उसके माता-पिता बेहद कठिन हालात में मेहनत करके उसे पढ़ा रहे हैं। उसने कहा कि इसके बावजूद भी नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आती हैं। कई बार परीक्षाएं रद्द करनी पड़ती हैं, लेकिन अब तक इस तरह के मामलों में न तो कोई ठोस कदम उठाया गया है और न ही दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है। प्रदर्शनकारी ने इसे पूरे देश के लिए चिंता का विषय बताया।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि मौजूदा एनडीए सरकार ने देश के लोगों को जाति के आधार पर बांटने का काम किया है, जिसे अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मीडिया के माध्यम से देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग एकजुट होकर गलत नीतियों का विरोध करें। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके लिए सबसे बड़ी पहचान उनके किसान अभिभावक और देश भर के छात्र-नौजवान हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए जिला दंडाधिकारी औरंगाबाद, श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने 25 जुलाई 2026 और 26 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल, कॉलेज, प्री-स्कूल, कोचिंग संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया। साथ ही उन्होंने जिले के सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को चर्चित रमेश चौक, समाहरणालय मुख्य द्वार और कर्मा रोड मोड़ पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। समाहरणालय मुख्य द्वार और रमेश चौक पर पुलिस बल के साथ पुलिस वैन भी मौजूद रही। वहीं, प्रदर्शनकारी रमेश चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे।

समाचार प्रकाशित करने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देने की खबर की पुष्टि हुई है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *