औरंगाबाद ( बिहार ) : औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड में अंकोरहा रेलवे लाइन के पश्चिम दिशा में स्थित नबीनगर सुपर थर्मल पावर परियोजना परिसर में केंद्रीय विद्यालय के पास मंगलवार, 2 जून 2026 की रात ‘सपनों की उड़ान’ बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया जा रहा है।
अभियान का उद्घाटन क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-01) एवं परियोजना प्रमुख एल.के. बहेरा तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पुलिस महानिरीक्षक प्रबोध चंद्रा ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर एन.टी.पी.सी. के जनसंपर्क अधिकारी अतुल कुमार, भारतीय रेल बिजली कंपनी लिमिटेड खैरा के परियोजना प्रमुख दीपक रंजन डीहुरी, श्रीमती आरती बहेरा, स्वरा महिला संघ के प्रतिनिधि, परियोजना के महाप्रबंधक राकेश शर्मा, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) मनोरंजन पाणिग्रही, मानव संसाधन के अपर महाप्रबंधक ओंकार नाथ, बड़ेम थाना प्रभारी, नरारी कला खुर्द थाना प्रभारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत चलाए जा रहे इस वार्षिक अभियान में नवीनगर और बारुण प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 61 मेधावी छात्राओं को पूरी तरह नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यशाला अगले चार सप्ताह तक चलेगी, जिसमें छात्राओं को गणित, हिंदी, अंग्रेज़ी समेत कई महत्वपूर्ण विषयों की उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान की जाएगी।
नियमित पढ़ाई के अलावा छात्राओं को कराटे, योग, कंप्यूटर और अन्य उपयोगी प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे। साथ ही उनके लिए छात्रावास और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अभियान की एक खास बात यह भी है कि प्रतिभागी छात्राओं में से चयनित 6 बालिकाओं को एन.टी.पी.सी. के सहयोग से बाल भारती पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख एल.के. बहेरा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गांवों में छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है और उन्हें एक सशक्त नागरिक के रूप में तैयार करने का काम करती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाओं को अपने सपनों को पूरा करने की नई प्रेरणा और मजबूत आधार मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से बेटियों के लिए आयोजित किया जाता है, क्योंकि जब बेटियां यहां से प्रशिक्षण लेकर आगे बढ़ेंगी तो वे दो परिवारों का नाम रोशन करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत की। इसके बाद नाट्य मंचन, शिक्षा आधारित कार्यक्रमों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मंच पर मौजूद छात्राओं ने भी एक प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हैं, कल्पना चावला ने अंतरिक्ष यात्रा कर देश का नाम रोशन किया और महिलाएं मुख्यमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष तथा प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पदों तक पहुंच चुकी हैं। छात्राओं ने विश्वास के साथ कहा कि भारत की बेटियां आने वाले समय में हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगी।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
