पटना (बिहार): पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय, सदाकत आश्रम में “शक्ति – अधिकार, स्वाभिमान, सुरक्षा, सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, बिहार कांग्रेस प्रभारी श्री कृष्ण अल्लावरु एवं अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर प्रदेश भर से आईं महिला कार्यकर्ताओं, जिला एवं प्रखंड स्तर के प्रतिनिधियों और समर्थकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। सभी ने एक स्वर में महिला सशक्तिकरण, जागरूकता और सम्मान के लिए हुंकार भरी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “जब तक महिलाएं जागरूक नहीं होंगी, तब तक एक बेहतर समाज की कल्पना नहीं की जा सकती।” उन्होंने कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अब समय है अपने अधिकारों को समझने और उनके लिए संघर्ष करने का। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दृष्टिगत महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रियंका गांधी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि महिलाओं को उनके अधिकार तभी मिलेंगे जब वे शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेंगी। शिक्षा ही आत्मविश्वास का मार्ग प्रशस्त करती है, और आत्मविश्वास से ही बदलाव आता है।
कार्यक्रम में औरंगाबाद की कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष श्रीमती गायत्री देवी ने भी अपनी बात रखते हुए महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और कार्यक्रम की सराहना की।
इस महिला उन्मुख कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पूरे जोश के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
रिपोर्ट: विश्वनाथ आनंद.