गया जी में बिजली कटौती से लोग परेशान, कांग्रेस ने उठाई आवाज

Share this News

गया जी में इन दिनों गर्मी अपने पूरे शबाब पर है, और ऊपर से बिजली की आंखमिचौली ने लोगों की मुश्किलें और भी बढ़ा दी हैं। शहर के लोग इस हालात से काफी परेशान नज़र आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हर घंटे 10 से 15 मिनट तक बिजली कट रही है, जिससे पूरे दिन में करीब 4 से 6 घंटे तक बिजली गायब रहती है। इस वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मुद्दे पर कांग्रेस के कई नेताओं ने अपनी चिंता जताई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दामोदर गोस्वामी, महासचिव टिंकू गिरी, विपिन बिहारी सिन्हा, प्रद्युम्न दुबे, राकेश यादव, रूपेश चौधरी और अशोक राम ने मिलकर एक प्रेस बयान जारी किया। उनका कहना है कि अप्रैल महीने से ही तापमान 40 से 42 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे लोग पहले ही गर्मी से बेहाल हैं, और बार-बार बिजली कट होने से हालात और भी खराब हो रहे हैं।

नेताओं ने ये भी कहा कि साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारी हर बार इस समस्या को लोकल फॉल्ट और मेंटेनेंस का कारण बताकर जिम्मेदारी से बचते नजर आते हैं। लेकिन सवाल ये उठता है कि ये लोकल फॉल्ट और मेंटेनेंस की परेशानी आखिर कब खत्म होगी, क्योंकि ये बात पिछले कई सालों से सुनने में आ रही है।

कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि इस भीषण गर्मी में गया जी शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी 24 घंटे लगातार बिजली की सप्लाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या को जल्द से जल्द खत्म किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *