अरवल (बिहार), 5 अक्टूबर 2026: कुर्था स्थानीय बाजार में लगातार स्वर्ण व्यवसायियों की दुकानों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर रविवार को अरवल एसडीपीओ कुमार संजय ने कुर्था के स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक में कुर्था थानाध्यक्ष चंदन कुमार झा समेत बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसडीपीओ ने व्यवसायियों से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और दुकानों की सुरक्षा को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने व्यवसायियों को आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी।
दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी लगाने की अपील
एसडीपीओ कुमार संजय ने स्वर्ण व्यवसायियों से कहा कि वे अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने दुकानों के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज पुलिस की जांच में महत्वपूर्ण मददगार साबित हो सकता है। इसके साथ ही दुकानों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने और रात में दुकान बंद करने के बाद आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई।
संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील
एसडीपीओ ने व्यवसायियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने दुकानों में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ बड़ी मात्रा में नकदी रखने से भी बचने की सलाह दी।
इसके अलावा दुकान खोलने और बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने तथा आने-जाने के दौरान सावधानी रखने को कहा गया।
व्यवसायियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की
बैठक में स्वर्ण व्यवसायियों ने बाजार में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग रखी। व्यवसायियों ने विशेष रूप से रात के समय नियमित पेट्रोलिंग कराने की मांग की।
एसडीपीओ ने व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीर है और क्षेत्र में पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के दौरान स्वर्ण व्यवसायियों ने सुरक्षा से जुड़ी अपनी समस्याओं को भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ये स्वर्ण व्यवसायी रहे मौजूद
बैठक में प्रभु चंद्र स्वर्णकार, अरुण स्वर्णकार, निर्भय स्वर्णकार, गोपाल स्वर्णकार, मुकेश शर्मा, कपिल देव स्वर्णकार और शिवनाथ स्वर्णकार समेत कई स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
