भारतीय लोकमंच पार्टी ने हाजीपुर में संगठन को दी नई मजबूती, मनीष कुमार सिंह बने नगर संयोजक

Share this News

हाजीपुर / वैशाली (बिहार) : भारतीय लोकमंच पार्टी लगातार अपने संगठनात्मक विस्तार अभियान को आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने हाजीपुर नगर इकाई में नई जिम्मेदारियों का वितरण करते हुए मनीष कुमार सिंह को नगर संयोजक नियुक्त किया है। मनीष कुमार सिंह हाजीपुर के दिग्घी खुर्द, वार्ड संख्या 26 के निवासी हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

यह नियुक्ति पार्टी के वैशाली जिला संयोजक अजय कुमार रॉय की अनुशंसा पर की गई है। पार्टी नेताओं का मानना है कि संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण साबित होगी।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मनीष कुमार सिंह ने भारतीय लोकमंच के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव कुणाल सिकंद से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें सम्मानित किया गया और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

मुलाकात के दौरान कुणाल सिकंद ने कहा कि पार्टी ऐसे समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ा रही है, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और समाधान के लिए काम करते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में हाजीपुर नगर इकाई नई ऊर्जा और उत्साह के साथ कार्य करेगी तथा स्थानीय जनसमस्याओं को मजबूती से उठाएगी।

नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मनीष कुमार सिंह को शुभकामनाएं दीं। शुभकामना देने वालों में राष्ट्रीय अध्यक्ष साधु शरण पाण्डेय, राष्ट्रीय महासचिव धर्मेंद्र पासवान, जिला सचिव एवं अधिवक्ता शिव शंकर कुमार, छात्र प्रदेश संगठन सचिव एवं सारण प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, कार्यालय सचिव विकास Kumar शर्मा, महुआ प्रखंड संयोजक देवानंद दास तथा भगवानपुर छात्र प्रखंड संयोजक मंटून कुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

इसी अवसर पर पटना सिटी निवासी समाजसेवी शम्भु नाथ ने भी भारतीय लोकमंच की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी की विचारधारा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पार्टी नेताओं ने कहा कि लगातार नए लोगों का संगठन से जुड़ना इस बात का संकेत है कि लोगों का विश्वास भारतीय लोकमंच के प्रति बढ़ रहा है।

जिला सचिव एवं अधिवक्ता शिव शंकर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नियुक्ति से जुड़ी सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। साथ ही इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेज दी गई है।

पार्टी का कहना है कि आने वाले समय में हाजीपुर नगर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान, जनसेवा कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक विस्तार दिया जाएगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सके।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *