औरंगाबाद में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, कोचिंग से लौट रही दो सहेलियों की दर्दनाक मौत

Share this News

औरंगाबाद( बिहार ) : औरंगाबाद जिले के पौथू थाना क्षेत्र के भतारी मोड़ के पास गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, ओबरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो सबसे पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई, जिससे पोल भी टेढ़ा हो गया।

इसके बाद बेकाबू स्कॉर्पियो ने रोज़ की तरह कोचिंग से पढ़कर अपने घर लौट रही दो सहेलियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में पहली छात्रा अफसरी थीं, जो नरौला गांव के रहने वाले मोहम्मद रियाजुद्दीन की पुत्री थीं। दूसरी छात्रा आशिया थीं, जो उसी गांव के निवासी रुस्तम अली की पुत्री थीं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में गुस्से का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाने की मांग की।

बताया जाता है कि हादसे में जान गंवाने वाली दोनों छात्राएं औरंगाबाद मुख्यालय के मिनी बिगहा (अली नगर) निवासी तथा महिंद्रा चारपहिया वाहनों के विशेषज्ञ मिस्त्री मोहम्मद शमीम उर्फ छोटू मिस्त्री की करीबी रिश्तेदार थीं।
मोहम्मद शमीम उर्फ छोटू मिस्त्री ने बताया कि मृतका अफसरी उनके मामा मोहम्मद रियाजुद्दीन की बेटी थीं। वहीं दूसरी मृतका आशिया, उनके मामा मोहम्मद रियाजुद्दीन के भतीजे रुस्तम अली की पुत्री थीं।

उन्होंने बताया कि इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों छात्राओं के पोस्टमार्टम के दौरान भी वह स्वयं मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *