औरंगाबाद (बिहार), 8 अगस्त 2026: दाउदनगर थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन की सीट के नीचे रखे 90 हजार रुपये चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी की गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार 8 अगस्त 2026 को दाउदनगर थानाध्यक्ष को वादी नागेंद्र कुमार वर्मा, पिता—अवध बिहारी सिंह, थाना—सिगेड़ी, जिला—पटना के लिखित आवेदन के माध्यम से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन की सीट के नीचे रखे 90 हजार रुपये को अज्ञात अपराधकर्मियों ने चोरी कर लिया है।
इस मामले में लिखित आवेदन के आधार पर दाउदनगर थाना कांड संख्या 542/26 के तहत संबंधित धाराओं में अज्ञात अपराधकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद उपेंद्र नाथ वर्मा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया। टीम को मामले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की गई रकम की बरामदगी के लिए निर्देश दिया गया।
इसके बाद एसआईटी टीम ने सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए दाउदनगर थाना क्षेत्र के फौजी होटल से राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, राहुल कुमार के पास से चोरी किए गए 90 हजार रुपये भी बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार (उम्र 21 वर्ष), पिता—स्वर्गीय मोहन तिवारी, साकिन—शादीपुर, थाना—बुनियादगंज, जिला—गया जी के रूप में हुई है।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
