औरंगाबाद (बिहार) : औरंगाबाद जिले में रविवार और सोमवार के दौरान सड़क हादसों की एक दर्दनाक श्रृंखला देखने को मिली। महज 24 घंटे के भीतर जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए पांच बड़े सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मामलों में संबंधित थाना पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
कार और ट्रैक्टर की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
पहला हादसा रविवार देर शाम गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव के पास हुआ। बताया गया कि अरवल जिले के प्रसिद्ध मधुश्रवा मेला से पूजा-अर्चना कर लौट रही एक कार सामने से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान उपहारा थाना क्षेत्र के डड़वा गांव निवासी ममता देवी (45 वर्ष), उनकी पुत्री चुलबुल कुमारी (14 वर्ष) और खुशी कुमारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
वहीं मुस्कान कुमारी, समर कुमार और संगीता देवी घायल हो गए। इनमें मुस्कान कुमारी और समर कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर किया गया है।
ऑटो और कार की टक्कर में दो मजदूरों की गई जान, नौ लोग घायल
दूसरी दुर्घटना ओबरा थाना क्षेत्र के दाउदनगर-बारुण मार्ग पर तेजपुरा नहर लॉक के पास हुई। रविवार देर शाम ऑटो और कार की आमने-सामने की टक्कर में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान भटौलिया निवासी चुल्हन पासवान के पुत्र राजेश पासवान उर्फ मुकुंद पासवान (55 वर्ष) तथा सूर्यदेव राम के पुत्र उमेश पासवान (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद सभी घायलों को दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने राजाराम (55 वर्ष) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गया रेफर कर दिया।
अन्य घायलों में धनु कुमार, रणधीर कुमार, रविंद्र पासवान, रामाशीष राजवंशी, योगेंद्र पासवान, पुरुषोत्तम पासवान, प्रमोद पासवान और दास पासवान शामिल हैं। इनमें कुछ का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। बताया गया कि ऑटो पर सवार सभी लोग रोहतास जिले के नासरीगंज नगर पंचायत क्षेत्र से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे।
टूरिस्ट बस और ट्रक-ट्रेलर की टक्कर में तीन पर्यटकों की मौत
तीसरा हादसा रविवार देर रात औरंगाबाद मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर हुआ।
जानकारी के अनुसार बोधगया से उत्तर प्रदेश के काशी (वाराणसी) जा रही एक टूरिस्ट बस भेड़िया गांव और देव मोड़ के बीच एक लाइन होटल के पास ट्रक-ट्रेलर से टकरा गई।
इस दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
मृतकों की पहचान नेल्लूर जिले के संगमा गांव निवासी हजरतया (50 वर्ष), फातमावती (43 वर्ष) और पशुलेट वेंकटेश (64 वर्ष) के रूप में हुई है।
घायलों में सुभनमा, नरेंद्र रेड्डी, प्रसाद समेत करीब 20 यात्री शामिल हैं। कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है।
पिकअप वैन की टक्कर से एनटीपीसी कर्मी की मौत
चौथा हादसा सोमवार सुबह बारुण-जपला मार्ग पर खैरा थाना क्षेत्र में हुआ।
मृतक की पहचान नबीनगर थाना क्षेत्र के रत्न कर्मा गांव निवासी अनील सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी में कार्यरत थे।
बताया गया कि वह अपने एक रिश्तेदार के घर से बाइक पर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब आठ बजे सामने से आ रही पिकअप वैन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत
पांचवीं दुर्घटना सोमवार दोपहर ओबरा थाना क्षेत्र के बेल मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर हुई।
यहां सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान श्री गोरेया गांव निवासी रामप्रसाद यादव की पत्नी मुंगेश्वरी देवी के रूप में हुई है।
बताया गया कि वह वृद्धा पेंशन से संबंधित बैंक खाते का केवाईसी कराने ओबरा बाजार आई थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय हादसे का शिकार हो गईं।
सभी मामलों में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों का पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। लगातार हुई इन दुर्घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
