औरंगाबाद (बिहार) : रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 के जदयू विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह का 21 जून 2026 से 23 जून 2026 तक का कार्यक्रम काफी व्यस्त और जनहित के विभिन्न कार्यों से जुड़ा रहा। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने से लेकर शिक्षा, धर्म और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई।
पटना में जदयू की महत्वपूर्ण बैठक में हुए शामिल
रविवार, 21 जून 2026 को प्रमोद कुमार सिंह बिहार की राजधानी पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड के कार्यालय में आयोजित राज्य परिषद और राष्ट्रीय कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से आदरणीय उमेश कुशवाहा को पुनः प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर उन्होंने बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और उत्साह का विषय है।
उन्होंने बताया कि जनता दल यूनाइटेड ने एक करोड़ से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस सदस्यता अभियान में बिहार प्रदेश पूरे देश में अग्रणी रहा। वहीं, औरंगाबाद जिले की रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 की सहभागिता पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रही, जिसकी घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आदरणीय संजय झा द्वारा की गई।
कार्यकर्ताओं और नागरिकों का जताया आभार
प्रमोद कुमार सिंह ने रफीगंज विधानसभा क्षेत्र और औरंगाबाद जिले के सभी सम्मानित नागरिकों, कार्यकर्ताओं तथा जनता दल यूनाइटेड के प्राथमिक सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग, विश्वास और समर्पण ही पार्टी की इस बड़ी सफलता का आधार है। आप सभी का स्नेह और समर्थन हमें जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

शिक्षा मंत्री से की क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा
सोमवार, 22 जून 2026 को प्रमोद कुमार सिंह ने बिहार के शिक्षा मंत्री माननीय मिथिलेश तिवारी से शाम 6 बजे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
विशेष रूप से दूरदराज और ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे शहरों और कॉलेजों तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया गया।
मदनपुर डिग्री कॉलेज निर्माण पर हुई विशेष चर्चा
बैठक में मदनपुर प्रखंड के लिए स्वीकृत डिग्री कॉलेज के निर्माण संबंधी विषय पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई।
प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि भूमि का नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) उपलब्ध होते ही तत्काल निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और डिग्री कॉलेज निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
गजना धाम महोत्सव एवं मेले के उद्घाटन में हुए शामिल
मंगलवार, 23 जून 2026 को प्रमोद कुमार सिंह कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र संख्या 222 (सुरक्षित सीट) स्थित पावन मां गजना धाम मंदिर में आर्द्रा नक्षत्र के शुभ अवसर पर आयोजित छह दिवसीय महोत्सव एवं मेले के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।
माता रानी गजना के दरबार में पूजा-अर्चना कर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर प्रबंधन ने किया सम्मानित
इस अवसर पर मंदिर के महंत, ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया।
ज्ञात हो कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित गजना धाम मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
शोकाकुल परिवारों से मिलकर व्यक्त की संवेदना
मंगलवार को ही प्रमोद कुमार सिंह ने मदनपुर प्रखंड की मणिका पंचायत के मणिका गांव निवासी विनोद प्रसाद के पिता के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
इसके अलावा उन्होंने मदनपुर प्रखंड की बेरी पंचायत अंतर्गत घोरहत गांव निवासी गया सिंह के पिता स्वर्गीय मुसाहेब सिंह के निधन पर भी उनके घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में परिवार को सांत्वना दी।

जनसेवा, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता
तीन दिनों के इस व्यस्त कार्यक्रम में प्रमोद कुमार सिंह ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ शिक्षा, धार्मिक आस्था और सामाजिक संवेदनाओं से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इससे क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट रूप से सामने आई।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
