बिहार में राज्य सड़कों पर नए टोल टैक्स का कांग्रेस ने किया विरोध, दोहरा टैक्स वापस लेने की मांग

Share this News

गयाजी ( बिहार ) : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रोफेसर विजय कुमार मिट्ठू ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बिहार सरकार के उस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग (एन.एच.) की तर्ज़ पर अब राज्य की सड़कों पर भी निजी, व्यावसायिक और अलग-अलग श्रेणी के वाहनों से टोल टैक्स वसूले जाने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 1 रुपये 25 पैसे प्रति किलोमीटर से लेकर 8 रुपये 10 पैसे प्रति किलोमीटर तक टोल टैक्स तय कर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का फैसला किया है।

इस मुद्दे पर प्रदेश प्रतिनिधि प्रोफेसर विजय कुमार मिट्ठू के साथ पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, राम प्रमोद सिंह, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, विपिन बिहारी सिन्हा, विशाल कुमार, मोहम्मद शमीम आलम और मुन्ना मांझी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भी अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की। उनका कहना है कि पहले से ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगने वाले भारी-भरकम टोल टैक्स से आम लोग परेशान हैं, ऐसे में अब राज्य सरकार की सड़कों पर भी नया टोल टैक्स लागू करना लोगों के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

कांग्रेस नेताओं ने उदाहरण देते हुए कहा कि फिलहाल गया से पटना जाने पर छोटी गाड़ियों को करीब 300 रुपये, रांची जाने पर लगभग 500 रुपये और टाटा जाने पर करीब 800 रुपये तक टोल टैक्स देना पड़ता है। उनका कहना है कि यदि राज्य सरकार की सड़कों पर भी नया टैक्स लागू हो गया तो इन खर्चों में करीब 25 से 35 प्रतिशत तक और बढ़ोतरी हो जाएगी।

कांग्रेस नेताओं ने बिहार सरकार से मांग की है कि बिहार के लोगों को दोहरे टोल टैक्स की मार से राहत दी जाए। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की है कि राज्य स्तरीय सड़कों पर घोषित नए टोल टैक्स के फैसले को वापस लिया जाए।

रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *