बिहार प्रदेश | 29 अगस्त 2026 — राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर बिहार के औरंगाबाद जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में मेजर ध्यानचंद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने विद्यालय में विशेष रूप से तैयार किए गए स्पोर्ट्स कॉरिडोर का लोकार्पण किया।
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर सिंह, जिला रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, विद्यालय अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ. सुरेंद्र सिंह और विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से स्पोर्ट्स कॉरिडोर का उद्घाटन किया।
स्वर्गीय ठाकुर राजकिशोर प्रसाद सिंह की स्मृति में तैयार हुआ स्पोर्ट्स कॉरिडोर
बताया गया कि विद्यालय में तैयार किए गए स्पोर्ट्स कॉरिडोर और स्पोर्ट्स कक्ष को पुरातन छात्र डॉ. ठाकुर सुरेंद्र सिंह और इंजीनियर नीरज रंजन ने अपने स्वर्गीय पिता एवं खेलप्रेमी ठाकुर राजकिशोर प्रसाद सिंह की स्मृति में तैयार कराया है।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने ठाकुर राजकिशोर प्रसाद सिंह के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद स्मृति शिलापट्ट का अनावरण भी किया गया।
विधायक ने बच्चों से किया संवाद
लोकार्पण के बाद विद्यालय के सभा कक्ष में विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने विद्यार्थियों से विस्तार से बातचीत की। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के खेल जगत में योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि खेल भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की जरूरत है। खेल न सिर्फ शारीरिक क्षमता को मजबूत करता है, बल्कि व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, संस्कार और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है।
विधायक ने पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय के निरंतर विकास की सराहना की और प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।
पुरातन छात्रों को स्कूल से जोड़ने पर जोर
जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर सिंह ने विद्यालयों के विकास में सामुदायिक सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से अपने पुराने विद्यार्थियों यानी पुरातन छात्रों को दोबारा विद्यालय से जोड़ने की पहल करने का सुझाव दिया।
जिला रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह ने अनुग्रह मध्य विद्यालय को जिले के प्राचीनतम विद्यालयों में से एक बताते हुए विधायक और जिला शिक्षा पदाधिकारी से विद्यालय को और ऊंचाई तक ले जाने के लिए विशेष प्रयास करने का आग्रह किया।
विद्यालय के पुरातन छात्र डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि वह और उनके अनुज नीरज रंजन भविष्य में भी विद्यालय के विकास और जरूरतों में अपना सहयोग जारी रखेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने अतिथियों को विद्यालय का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया।
इस मौके पर खेलप्रेमी सुरजीत सिंह, सुनील सिंह, अरविंद कुमार और मोहम्मद फकरुद्दीन अहमद समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
