गया में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बच्चों को दी गई पौष्टिक आहार की जानकारी

Share this News

गया, बिहार | 1 सितंबर 2026: राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर गया जी गौतम बुद्ध महिला कॉलेज के गृहविज्ञान विभाग और संवर्द्धिनी क्लब की ओर से मंगलवार को चित्रगुप्त मध्य विद्यालय में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को संतुलित आहार और शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्वों के बारे में आसान तरीके से जानकारी देना था।

कार्यक्रम कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. सहदेब बाउरी और गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका कुमारी के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान बच्चों को कार्बोहाइड्रेट, वसा, प्रोटीन, विटामिन और खनिज लवण जैसे जरूरी पोषक तत्वों के महत्व के बारे में बताया गया।

बच्चों को रंग-बिरंगे पोस्टरों के माध्यम से रेशेदार फल-सब्जियों, दालों और विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में काफी दिलचस्पी दिखाई और पोषण से जुड़ी बातों को ध्यान से सुना।

डॉ. प्रियंका कुमारी और कॉलेज की छात्राओं ने बच्चों से पोषण से जुड़े कई रोचक सवाल भी पूछे। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए। इस संवादात्मक तरीके से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी खास तौर पर देखने को मिली।

कार्यक्रम में चित्रगुप्त मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. शहनवाज आलम के अलावा शिक्षक प्रसून कुमार और कौशल कुमार भी मौजूद रहे। कॉलेज की छात्राओं माधवी नंदन, अलीशा, संचिता, जेबा, अनु, कश्लया, अंजनी, ब्यूटी, अंजली और कौशल्या समेत अन्य छात्राओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

कॉलेज की पीआरओ डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान गृहविज्ञान विभाग की ओर से पूरे सितंबर महीने में अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें हर वर्ष होने वाला ‘पोषण मेला’, चिकित्सकों की मौजूदगी में कार्यशालाएं तथा पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े परामर्श सत्र प्रमुख हैं।

इन कार्यक्रमों के जरिए बच्चों और आम लोगों को संतुलित भोजन, बेहतर स्वास्थ्य और सही पोषण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *