मेदिनीनगर में यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष की प्रतिमा लगाने की मांग, नगर आयुक्त ने दिया सकारात्मक आश्वासन

Share this News

मेदिनीनगर, झारखंड | 1 सितंबर 2026: पलामू के स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों की स्मृति को सम्मान देने की मांग अब स्थानीय स्तर पर जोर पकड़ रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार को अधिवक्ता हृदयानंद मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मेदिनीनगर नगर निगम के नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल, आईएएस से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को एक मांग-पत्र सौंपकर स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य रहे यदुवंश सहाय उर्फ यदु बाबू तथा अमिय कुमार घोष उर्फ गोपा बाबू की भव्य प्रतिमाएं शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित करने का अनुरोध किया।

मांग-पत्र में ऐतिहासिक जेलहाता क्षेत्र का नाम ‘यदुवंश नगर (यदु बाबू)’ और सेवा सदन रोड का नाम ‘अमिय कुमार घोष रोड (गोपा बाबू)’ रखने का प्रस्ताव भी शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इन दोनों महापुरुषों ने न सिर्फ स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया, बल्कि संविधान निर्माण की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे लोगों की स्मृति को सार्वजनिक रूप से सम्मान देना आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास और विरासत से परिचित कराने का माध्यम बन सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिमाओं के साथ दोनों महापुरुषों के जीवन, स्वतंत्रता संघर्ष और संविधान सभा में उनके योगदान से संबंधित संक्षिप्त जानकारी वाले परिचय-पट्ट लगाने की मांग भी रखी। उनका मानना है कि इससे आम लोगों और नई पीढ़ी को उनके योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।

नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए प्रस्तावों को आगामी नगर निगम बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगों को पूरा कराने की दिशा में नगर निगम की ओर से यथासंभव सकारात्मक प्रयास किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हृदयानंद मिश्र ने कहा कि यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष केवल पलामू की पहचान नहीं हैं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संघर्ष और संविधान निर्माण के इतिहास में भी उनका महत्वपूर्ण स्थान है। उनके सम्मान में प्रतिमा स्थापित करना और सार्वजनिक स्थलों का नाम उनके नाम पर रखना इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में जरूरी कदम होगा।

उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र ने देश को स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य दिए, वहां उनके सम्मान में स्मारक और नामकरण किया जाना समाज की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है।

प्रतिनिधिमंडल में संविधान सभा के सदस्य यदुवंश सहाय के पौत्र सुधीर सहाय, वरिष्ठ नागरिक एवं इप्टा के पलामू जिलाध्यक्ष प्रेम भसीन, झारखंड प्रदेश कांग्रेस शिक्षा विभाग के चेयरमैन श्याम नारायण सिंह, शर्मिला शुमि, पलामू जिला राजीव गांधी विचार समिति के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शैलेश चंद्रवंशी, पलामू जिला कांग्रेस के महासचिव जतरू उरांव, पलामू जिला महिला कांग्रेस की नेत्री सुमन तिर्की, रानू सिन्हा, पलामू जिला एडवोकेट सेल के अध्यक्ष अमित पांडेय, अधिवक्ता सुरेंद्र पांडेय और राजीव गांधी विचार समिति स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *