नई दिल्ली: देश की युवा पीढ़ी में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत और नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर नेशनल अकाली दल ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि युवाओं को इन बुराइयों से बचाने के लिए संगठन अब जमीनी स्तर पर अभियान चलाएगा।
पम्मा के मुताबिक, अभियान में युवाओं और विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा। इसका मुख्य संदेश “ऑनलाइन गेम और नशा मुक्त भारत” होगा, जिसे लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग की लत और नशे की समस्या को केवल किसी व्यक्ति की निजी परेशानी मानना सही नहीं है। इसका असर परिवारों और पूरे समाज पर पड़ता है और इससे देश की युवा पीढ़ी का भविष्य भी प्रभावित हो सकता है। पम्मा ने कहा कि युवाओं को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल देना समाज की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नेशनल अकाली दल केवल बयान जारी करने तक सीमित नहीं रहेगा। स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सामाजिक मंचों पर लोगों के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस मुद्दे पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
पम्मा ने नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता प्रयासों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकारी प्रयासों को सफल बनाने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक सरकार या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के भविष्य की रक्षा से जुड़ा सामूहिक संकल्प है।
क्रांतिकारियों को आधिकारिक शहीद का दर्जा देने की मांग
प्रेस वार्ता के दौरान परमजीत सिंह पम्मा ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक अन्य मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आजादी के आंदोलन में अपना जीवन बलिदान करने वाले महान क्रांतिकारियों को आधिकारिक रूप से “शहीद” का दर्जा देने की घोषणा की जानी चाहिए।
उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद, अशफाक उल्ला खान और राम प्रसाद बिस्मिल समेत अनेक क्रांतिकारियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।
पम्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को एक तरफ नशे और ऑनलाइन गेमिंग की लत से बचाने की जरूरत है, वहीं दूसरी ओर उसे देश के महान क्रांतिकारियों के संघर्ष, साहस और बलिदान से भी परिचित कराना जरूरी है। उनके अनुसार, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही मजबूत भारत की नींव तैयार कर सकते हैं।
इस दौरान नेशनल अकाली दल महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना धवन, सोशल विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रश्मीत कौर बिंद्रा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह मारवाह, उपाध्यक्ष वरिंदर आर्य, रमेश सचदेवा और एजुकेशन विंग दिल्ली प्रदेश की अध्यक्ष रिदम चढ़ा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
