पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सूर्यदेव यादव के निधन पर औरंगाबाद में शोक सभा

Share this News

औरंगाबाद, बिहार। पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सूर्यदेव यादव के आकस्मिक निधन पर गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को जिला विधिज्ञ संघ, औरंगाबाद में शोक सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक सभा की अध्यक्षता जिला विधिज्ञ संघ के पूर्व अध्यक्ष रसिक बिहारी सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूर्व लोक अभियोजक प्रमोद कुमार सिंह ने किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने सूर्यदेव यादव के व्यक्तित्व और न्यायिक क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि सूर्यदेव यादव अपने मृदुभाषी स्वभाव और व्यवहार कुशलता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने पटना हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी। इसके अलावा वह विधिज्ञ परिषद बिहार और स्टेट बार काउंसिल, पटना के सदस्य भी रहे।

अधिवक्ताओं के अनुसार, न्यायालयों में जनहित याचिकाओं तथा राज्य सरकार से जुड़े विभिन्न कानूनी मामलों में सूर्यदेव यादव ने प्रभावी बहस और मजबूत पैरवी की। वकालत के शुरुआती दौर में ही उन्होंने पटना व्यवहार न्यायालय में कम उम्र में लोक अभियोजक का दायित्व संभाला था।

वक्ताओं ने यह भी बताया कि उन्होंने युवा अधिवक्ता कल्याण समिति, पटना के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। न्यायिक क्षेत्र के साथ-साथ युवा अधिवक्ताओं से जुड़े मामलों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।

औरंगाबाद विधिज्ञ संघ से था विशेष लगाव

शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि सूर्यदेव यादव का जिला विधिज्ञ संघ, औरंगाबाद से विशेष जुड़ाव था। वह यहां के अधिवक्ताओं से लगातार संपर्क में रहते थे और समय-समय पर औरंगाबाद भी आते थे। उनके निधन को अधिवक्ता समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।

इस अवसर पर लोक अभियोजक अजय कुमार, पूर्व लोक अभियोजक पुष्कर अग्रवाल, वरीय अधिवक्ता तिलक यादव और कमला यादव सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शोक सभा में मौजूद अधिवक्ताओं ने कहा कि सूर्यदेव यादव की न्यायिक सेवाएं, उनकी कार्यशैली और साथी अधिवक्ताओं के साथ उनका व्यवहार लंबे समय तक याद किया जाएगा।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *