औरंगाबाद (बिहार): भगवान भास्कर की पावन नगरी देव में आयोजित कार्तिक छठ मेला-2026 के दौरान रविवार, 15 नवंबर को जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान सूर्य की उपासना की। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने देव स्थित सूर्यकुंड में संध्याकालीन अर्घ्य अर्पित कर अस्ताचलगामी सूर्य को नमन किया।
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने भगवान भास्कर से औरंगाबाद जिले के सभी लोगों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ की महत्ता को नमन करते हुए तमाम छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
देव की ऐतिहासिक और धार्मिक धरती पर आयोजित कार्तिक छठ मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान सूर्य के दर्शन और सूर्यकुंड में अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन में अपनी सहभागिता निभाने के साथ श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने घाटों और मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा अनुशासन के साथ पर्व मनाने का भी आग्रह किया।
आखिर क्यों खास है देव का पश्चिमाभिमुख सूर्य मंदिर?
बिहार के औरंगाबाद जिले में स्थित देव का सूर्य मंदिर देशभर में अपनी अनूठी बनावट और धार्मिक मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है। इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता इसका पश्चिमाभिमुख मुख्य द्वार है। आमतौर पर सूर्य मंदिरों का रुख पूर्व दिशा की ओर होता है, लेकिन देव का यह प्राचीन मंदिर पश्चिम दिशा की ओर मुख किए हुए है।
स्थानीय मान्यता और प्रचलित जनश्रुति के अनुसार, प्राचीन काल में एक बर्बर लुटेरा मंदिरों को तोड़ता और लूटपाट करता हुआ देव पहुंचा था। उसने यहां के सूर्य मंदिर को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इस पर मंदिर के पुजारी ने उससे मंदिर को नुकसान नहीं पहुंचाने की गुहार लगाई और मंदिर की दिव्य शक्ति का हवाला दिया।
कहा जाता है कि लुटेरे ने पुजारी के सामने शर्त रखी कि यदि मंदिर का मुख्य द्वार एक ही रात में पूर्व दिशा से घूमकर पश्चिम दिशा की ओर हो जाए, तो वह मंदिर को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। स्थानीय जनश्रुति के मुताबिक, उसी रात मंदिर का मुख्य द्वार पश्चिम दिशा की ओर हो गया। इसके बाद से मंदिर का द्वार आज भी पश्चिमाभिमुख है।
यह कहानी स्थानीय लोगों के बीच सदियों से प्रचलित धार्मिक मान्यताओं का हिस्सा रही है और मंदिर की विशिष्ट पहचान से जुड़ी हुई है।
एक ही रात में तीन मंदिरों के निर्माण की भी है मान्यता
देव के सूर्य मंदिर के अलावा औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड स्थित उमंगा सूर्य मंदिर और दाउदनगर अनुमंडल के देवकुंड स्थित मंदिर को लेकर भी एक विशेष पौराणिक मान्यता प्रचलित है।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, इन तीनों मंदिरों का निर्माण भगवान विश्वकर्मा ने एक ही रात में किया था। इन मंदिरों की अद्भुत बनावट और स्थापत्य कला आज भी लोगों को आकर्षित करती है। यही वजह है कि देव के साथ-साथ उमंगा और देवकुंड भी धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं।
छठ महापर्व में हिंदू-मुस्लिम एकता की भी दिखती है मिसाल
देव की एक और खास पहचान यहां की साझा धार्मिक परंपरा है। यहां प्रत्येक वर्ष चैत्र और कार्तिक महीने में चार दिवसीय छठ महापर्व का आयोजन होता है। इस दौरान सिर्फ हिंदू समुदाय ही नहीं, बल्कि मुस्लिम समुदाय के लोग भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ पूजा करते हैं।
यहां छठ पर्व के दौरान दिखाई देने वाली आपसी भागीदारी और धार्मिक सद्भाव की परंपरा सामाजिक एकता की खूबसूरत मिसाल पेश करती है। देव की यही विशेषता इसे सिर्फ एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक बनाती है।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
