औरंगाबाद (बिहार) : औरंगाबाद में विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को दो दिनों तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिला दंडाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा द्वारा जारी आदेश के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद ने जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के लिए निर्देश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, 25 जुलाई 2026 से 26 जुलाई 2026 तक जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, महाविद्यालय, कोचिंग संस्थान, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे। इस अवधि में किसी भी प्रकार की नियमित शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन नहीं किया जाएगा।
डीएलएड और बीबीओएसआई परीक्षा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार होगी
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिक्षण संस्थानों के बंद रहने के बावजूद डी.एल.एड. (फेस-टू-फेस) परीक्षा 2026 और बी.बी.ओ.एस.आई. की प्रायोगिक परीक्षा 2026 अपने पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
दोनों परीक्षाएं अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही संचालित होंगी। इसके लिए सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त शिक्षकों और संबंधित कर्मियों को समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने का निर्देश
प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से कहा है कि वे निर्धारित समय पर अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और पूरी शुचिता, अनुशासन एवं शांतिपूर्ण माहौल के साथ परीक्षा में शामिल हों। परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है।
स्कूलों में छात्र और शिक्षकों की उपस्थिति पर रोक
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और प्रधान शिक्षकों को निर्देश दिया है कि 25 और 26 जुलाई 2026 को विद्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे।
इस दौरान विद्यालयों में शिक्षक, छात्र-छात्राओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की उपस्थिति नहीं होगी। संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की
जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे जारी आदेश का पूरी तरह पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने सभी लोगों से जिले में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
