गया जी, बिहार : अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2025 से 15 अक्टूबर 2025 तक “वोट चोर, गद्दी छोड़” राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ गया जी के स्थानीय चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल से किया गया।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, रूपेश चौधरी, सकलदेव यादव, बिंद्रा यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल कुमार, एवं अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जनता के बीच जाकर जनसंपर्क के माध्यम से 5 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र करना है। यह हस्ताक्षर महामहिम राष्ट्रपति एवं भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त को सौंपे जाएंगे।
नेताओं ने बताया कि गया जी के 24 प्रखंडों, 332 ग्राम पंचायतों, 208 नगर निकाय वार्डों और 3246 बूथों पर कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से हस्ताक्षर कराएंगे। इस महाअभियान में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल, इंटक, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, किसान प्रकोष्ठ, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ, अधिवक्ता प्रकोष्ठ, शिक्षा, व्यवसायिक और सहकारिता प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
पार्टी का उद्देश्य है कि संपूर्ण गया जिले में देवतुल्य जनमानस के सहयोग से इस हस्ताक्षर अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाए।
रिपोर्ट: विश्वनाथ आनंद.