गया जी (बिहार) में इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीत लहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तापमान गिरकर लगभग 5 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी को देखते हुए कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय प्रशासन से शहर के सभी 53 वार्डों में अलाव की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हर वार्ड में कम से कम दो-दो स्थानों पर शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक लकड़ी का अलाव जलाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके। यह मांग बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से उठाई है।
नेताओं ने बताया कि पिछले 15 दिनों से पूरा गया जिला शीत लहर की चपेट में है। कुछ दिन पहले प्रशासन की ओर से शहर के गिने-चुने प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाया गया था, लेकिन अब जब ठंड और बढ़ गई है, तब यह व्यवस्था भी बंद कर दी गई है। जबकि जरूरत यह है कि शहर के सभी वार्डों में नियमित रूप से अलाव जलाया जाए।
उन्होंने कहा कि अलाव की व्यवस्था से रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, सड़क किनारे रहने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही शाम के समय बाजार, स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के ठहरने के दौरान ठंड से बचाव हो सकेगा।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से अपील की है कि वह इस गंभीर स्थिति को समझे और जल्द से जल्द अलाव की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि ठंड से लोगों को राहत मिल सके और किसी प्रकार की जनहानि न हो।
Report : विश्वनाथ आनंद.
