बेला में दिन-दहाड़े मुठभेड़, कुख्यात पप्पू सहनी गिरफ्तार, एएसआई को लगी गोली

Share this News

मुजफ्फरपुर के बेला थाना इलाके में आज दोपहर ऐसा वाकया हुआ कि पूरे एरिया में हड़कंप मच गया। साइबर पुलिस को खबर मिली थी कि कुख्यात अपराधी पप्पू सहनी अपने साथियों के साथ इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी।

पक्की सूचना मिलते ही साइबर पुलिस की टीम ने तुरंत घेराबंदी की और एक एटीएम पर छापा मारा। जैसे ही अपराधियों को लगा कि पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया है, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली एएसआई विकास कुमार के पेट में जा लगी और वो वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े।

साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली पप्पू सहनी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसके बाकी साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन घायल हालत में पप्पू सहनी को पुलिस ने पकड़ लिया।

घायल एएसआई को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। पप्पू सहनी का भी इलाज कराया जा रहा है और वह पुलिस की गिरफ्त में है।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी कयांतेश कुमार मिश्रा, डीआईजी चन्दन कुशवाहा और सिटी एसपी हबीबुल्लाह अंसारी अस्पताल पहुंचे और घायल एएसआई का हाल जाना। उसके बाद अधिकारी घटनास्थल पर भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं।

बताया जा रहा है कि पप्पू सहनी अपने भाई के साथ मिलकर साइबर अपराध का एक गिरोह चलाता था। वह और उसका भाई पहले भी हथियार तस्करी और एटीएम फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुके हैं। अलग-अलग थानों में उनके खिलाफ दर्जनों केस दर्ज हैं। कहा जा रहा है कि पूरे उत्तर बिहार में उसका नेटवर्क फैला हुआ है।

फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है और फरार साथियों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चश्मदीदों से भी पूछताछ हो रही है। डीआईजी चन्दन कुशवाहा ने प्रेस को बताया है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

घायल एएसआई विकास कुमार मूल रूप से सीवान जिले के ऊंधा गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल बेला थाना में एएसआई के पद पर तैनात हैं। वह भी साइबर पुलिस की टीम में शामिल थे। बताया जा रहा है कि रेड के दौरान सभी पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में पहुंचे थे।

फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

Report : ग़ज़नफर इकबाल.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *