औरंगाबाद (बिहार) में बुधवार, 08 अप्रैल 2026 को रफीगंज प्रखंड के तहत आने वाली ढोसिला खुर्द पंचायत में एक ख़ास तिब्बी कैम्प का इनक़ाद किया गया। ये कैम्प श्री राम राज्य सेवा संस्थान (ट्रस्ट) की जानिब से, बुद्धा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के तआवुन से लगाया गया था।
इस मुफ़्त तिब्बी कैम्प में तक़रीबन 120 लोगों का इलाज किया गया और साथ ही उन्हें मुफ़्त दवाइयाँ भी दी गईं। गाँव के लोगों के लिए ये कैम्प काफी राहत भरा साबित हुआ, क्योंकि उन्हें बेहतर इलाज अपने ही इलाके में मिल गया।
कैम्प में मौजूद माहिर डॉक्टरों ने तमाम मरीज़ों का बख़ूबी मुआयना किया और उनकी बीमारी के मुताबिक इलाज भी किया। इस दौरान लोगों में काफ़ी उत्साह देखने को मिला और बड़ी तादाद में ग्रामीणों ने इसका फ़ायदा उठाया।
इस मौक़े पर संस्था के बानी (संस्थापक) दीक्षित मिश्रा, सदर (अध्यक्ष) अतुल मिश्रा, सचिव प्रिंस कुमार के साथ-साथ प्रेम कुमार, सूरज कुमार, हर्ष खत्री, युवराज शौंडिक और दूसरे अरकान (सदस्य) भी मौजूद रहे और कैम्प को कामयाब बनाने में अहम किरदार निभाया।
गौरतलब है कि इसी संस्था की तरफ़ से इससे पहले 30 मार्च 2026 को रफीगंज प्रखंड के सिंहुली पंचायत के ग्राम नईकी में भी सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक ऐसा ही मुफ़्त तिब्बी कैम्प लगाया गया था, जिसमें लोगों को इलाज और दवाइयाँ मुहैया कराई गई थीं।
इस तरह के इन्सानी खिदमत वाले काम गाँव के लोगों के लिए किसी नेमत से कम नहीं हैं और इससे समाज में एक अच्छा पैग़ाम भी जाता है।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय / अनिल कुमार विश्वकर्मा.
