औरंगाबाद (बिहार) : बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4,293 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक शराब से लदा ट्रक झारखंड से पटना की ओर जा रहा था।
मंगलवार 12 मई 2026 को ओबरा थानाध्यक्ष को मध निषेध इकाई पटना से गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में शराब लेकर एक ट्रक ओबरा के रास्ते पटना जा रहा है। सूचना मिलते ही औरंगाबाद पुलिस ने तत्काल ब्लॉक गेट के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच में ट्रक से कुल 4,293 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में ओबरा थाना कांड संख्या 182/26 दिनांक 12 मई 2026 के तहत बिहार मध निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र स्थित गनियारी गांव निवासी 23 वर्षीय अमित कुमार, पिता जय मंगल रॉय और 21 वर्षीय मुन्ना कुमार, पिता रामानंद रॉय के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब में अलग-अलग क्षमता की बोतलें शामिल हैं। इसमें 180 एमएल की 200 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें प्रत्येक पेटी में 48 बोतल थीं। इस तरह कुल 9,600 बोतल और 1,728 लीटर शराब बरामद हुई।
इसके अलावा 375 एमएल की 100 पेटियों से कुल 2,400 बोतल यानी 900 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। वहीं 750 एमएल की 185 पेटियों से कुल 2,220 बोतल यानी 1,665 लीटर शराब बरामद हुई।
इस तरह पुलिस ने कुल 4,293 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने बताया कि सभी कांच की बोतलों पर “Blue Stroke Exquisite Whisky” का स्टीकर लगा हुआ था। बोतलों पर “Blended and Bottled by Queen Distillers and Bohlands Private Limited” भी अंकित पाया गया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
